छिंदवाड़ा में होगा निषाद राज भवन का निर्माण: बंटी विवेक साहू
छिंदवाड़ा
16-Sep-25
निगम अध्यक्ष और सांसद ने किया फिश रिटेल शॉप का शुभारंभ
छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा में मत्स्य विभाग के अंतर्गत मछुआरों और फिश विक्रेताओं के लिए निषाद राज भवन का निर्माण किया जायेगा। इस भवन के निर्माण से मछुआरों और फिश विक्रेताओं को सुविधा मिल सकेगी। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने छापाखाना में स्थित ढीमरी मोहल्ले में फिश रिटेल शॉप के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने छिंदवाड़ा में निषाद राज भवन निर्माण के लिए सांसद निधि से राशि देने की घोषणा की। इस फिश रिटेल शॉप का शुभारंभ मत्स्य कल्याण विभाग के निगम अध्यक्ष राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त सीताराम बाथम और सांसद बंटी विवेक साहू ने किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को निगम अध्यक्ष श्री बाथम और भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने भी संबोधित किया। सांसद श्री साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित मत्स्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि केसीसी योजना के अंतर्गत सभी मछुआरों को लाभान्वित किया जाए। जिन हितग्राहियों के केसीसी तैयार नहीं हुए है उसे भी शीघ्र अतिशीघ्र तैयार कर उन्हें लाभ पहुंचाया जाए। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष सीताराम बाथम ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत मत्स्य विभाग से संबंधित हितग्रहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। यह दुकान इसी योजना के अंतर्गत शुरू की गई है। आगे भी लगातार हितग्राहियों को लाभान्वित किया जायेगा। इस फिश रिटेल शॉप का संचालन श्रीमती अंजू कहार द्वारा किया जायेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, राजू नरोटे, संजय पटेल सहित अन्य पदाधिकारी,कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।