Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

नवविवाहित दंपति ने शुभकामना स्वरूप मिली ₹1.33 लाख की राशि मंदिर में दान की

नवविवाहित दंपति ने शुभकामना स्वरूप मिली ₹1.33 लाख की राशि मंदिर में दान की
छिंदवाड़ा
08-Jul-25
मंदिर निर्माण कार्य के लिए राशि देकर लिया बड़ी माई का आशीर्वाद

छिंदवाड़ा

फिल्मी दुनिया और पश्चिमी सभ्यता के माहौल में ढलते युवाओं के लिए ये खबर प्रेरणादायक हो सकती है। वैसे भी वैवाहिक जीवन प्रारंभ करने के लिए बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने की पंरपरा रही है इसके साथ ही दंपत्ति को शगुन भी दिया जाता है लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी नवविवाहित दंपत्ति ने शुभकामनाओं के साथ मिली राशि का मंदिर में दान किया है।

शहर के प्रतिष्ठित श्री बड़ी माता मंदिर के नवनिर्माण कार्य में सोनी कंप्यूटर परिवार ने एक प्रेरणादायक पहल की है। संचालक मनोज सोनी के पुत्र आयुष सोनी और पुत्रवधु अनुभूति (खुशी) सोनी के विवाह के उपरांत परिवार ने विवाह में प्राप्त ₹1,33,985 की राशि मंदिर निर्माण के लिए समर्पित कर दी।


विवाह को सेवा से जोड़ा, समाज को मिला संदेश
सोनी परिवार ने यह संदेश दिया कि जीवन के व्यक्तिगत और पारिवारिक उत्सवों को भी धार्मिक व सामाजिक सेवा से जोड़ा जा सकता है। मंदिर ट्रस्ट ने इस महान कार्य के लिए परिवार का आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

आरती में श्रद्धालुओं की सहभागिता
सोमवार रात्रि 8 बजे आयोजित सामूहिक आरती में सोनी कंप्यूटर परिवार सहित मंदिर ट्रस्ट के सदस्यकृपं. रामलाल तिवारी (अध्यक्ष), राजू चरणागर (सचिव), अखिलेश भारद्वाज (कोषाध्यक्ष), अरविंद राजपूत (संरक्षक), राकेश चौरसिया, भोला सोनी, शेखर शर्मा, अभिषेक गोयल, मनोज सेठिया, ट्विंकल चरणागर और अंशुल जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

दो वर्षों में पूर्ण होगा मंदिर निर्माण, सहयोग की अपील
मंदिर ट्रस्ट ने जानकारी दी कि नवनिर्माण कार्य अगले दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य है। इसके लिए जिलेवासियों और श्रद्धालुओं से आर्थिक सहयोग की अपील की गई है। ट्रस्ट ने यह भी आग्रह किया कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, संतान जन्म अथवा मनोकामना पूर्ति जैसे अवसरों पर दान देकर पुण्य अर्जित करें और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें।
Share News On