Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

तीन दिन और होगी बारिश, शनिवार को हो सकते हैं सूर्य देवता के दर्शन

तीन दिन और होगी बारिश, शनिवार को हो सकते हैं सूर्य देवता के दर्शन
छिंदवाड़ा
08-Jul-25
किसानों को बारिश रूकने का इंतजार

छिंदवाड़ा

कई सालों बाद बारिश के कारण वातावरण में इतनी ठंडक आई है कि जुलाई के माह में लोगों को रजाई का सहारा लेना पड़ रहा है। पिछले तीन-चार दिनों से लगातार जारी बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आ गई है। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह एक बार फिर बारिश का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि मंगलवार-बुधवार की रात से ही रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा हालांकि बुधवार की दोपहर बाद बारिश थम जाएगी। कुछ ऐसा ही गुरूवार और शुक्रवार को भी होगा। इस दौरान आसमान में काले बादल छाए रहेंगे एवं रूक-रूक कर रिमझिम बारिश भी होती रहेगी। बुधवार से लेकर शुक्रवार तक अधिकतम तापमान 30 से 27 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहेगा। 


शनिवार को हो सकते हैं सूर्य देव के दर्शन

लगातार एवं रूक-रूक कर हो रही रिमझिम बारिश ने पूरे वातावरण में ठंडक घोल दी है। लोगों को अब बारिश के रूकने का इंतजार है। बताया जा रहा है कि शनिवार को सूर्यदेव के दर्शन हो सकते हैं तब वातावरण में थोड़ी गर्माहट आ सकती है। इस बीच तापमान में हालांकि मामूली वृद्धि होगी । फिर भी तापमान 30 डिग्री के आसपास रहेगा।

जुलाई में ही निकल गई रजाईयां

कई वर्षों बाद ऐसा हो रहा है कि लगातार बारिश के कारण वातावरण इतना ठंडा हो गया है कि लोगों को ठंड से बचने के लिए रजाईयां निकालनी पड़ गई है। इसके साथ ही गर्म कपड़ों का भी उपयोग करना पड़ रहा है। कई जगह तो लकड़ी जलाकर अलाव में हाथ सेंकते लोग नजर आ रहे हैं।

नदी-नालों में आई बाढ़

पिछले तीन-चार दिनों से जारी बारिश के कारण नदी-नालों में बाढ़ आ गई है। कई जगह तो पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश की अधिकता के कारण लोगों का परिवहन रूक गया है। ग्रामीण क्षेत्रों मे ंपंचायत के माध्यम से नदी-नालों की बाढ़ पर निगरानी रखी जा रही है।
Share News On