विद्युत मंडल पेंशनर्स समाज का नववर्ष मिलन 12 जनवरी को
छिंदवाड़ा
10-Jan-26
छिन्दवाड़ा
विद्युत मंडल पेंशनर्स समाज की मासिक मीटिंग एवं नववर्ष मिलन समारोह 12 जनवरी सोमवार को दोपहर 2 बजे से श्रम कल्याण केन्द्र परासिया रोड़ छिन्दवाड़ा में आयोजित किया गया है। सचिव एस.जी. माकडे़ ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 दिसम्बर 2025 को प्रदेश के मुख्यमंत्री को कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किये जाने के बावजूद प्रदेश सरकार एवं विद्युत कंपनियों द्वारा अभी तक पेंशनरों की न्यायोचित मांगों के निराकरण में कोई समुचित कार्यवाही नहीं की गयी है।

अतः विद्युत मंडल के 4 नंबर प्रमुख पेंशनर्स संगठनों द्वारा गठित संयुक्त संघर्ष मोर्चा की भोपाल में शीघ्र ही ऊर्जा सचिव के साथ मीटिंग आयोजित करवाने हेतु प्रांतीय कार्यकारिणी प्रयासरत है एवं निराकरण नहीं होने पर प्रदेश भर में पुनः द्वितीय चरण का आंदोलन प्रारंभ कर स्थानीय विधायक और सांसद के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर कंपनी एवं भोपाल मुख्यालय स्तर पर क्रमिक धरना आंदोलन करने का निर्णय लिया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने सभी पेंशनर एवं परिवार पेंशनर साथियों से अनुरोध किया है कि निर्धारित समय एवं दिनांक में श्रम कल्याण केन्द्र में उपस्थित होकर अपने हक की लड़ाई को मजबूत बनाए।