कृषि संकाय की समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने प्राचार्य को दिया ज्ञापन
छिंदवाड़ा
10-Jan-26
छिंदवाड़ा
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, में संचालित कृषि विषय एवं छात्रहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से परिषद द्वारा अवगत कराया गया कि महाविद्यालय में कृषि विषय के अंतर्गत अध्ययनरत मेधावी एवं संबल योजना के पात्र विद्यार्थियों को नियमानुसार मिलने वाली प्रवेश शुल्क में छूट नहीं दी जा रही है तथा उनसे अधिक एवं असमय शुल्क लिया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग की मेधावी एवं संबल योजना का पोर्टल बंद होने के कारण विद्यार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। परिषद ने पोर्टल को शीघ्र पुनः चालू करने की मांग की है। कृषि विषय का प्रवेश शुल्क एवं परीक्षा शुल्क अन्य विषयों की तुलना में अधिक होने के कारण परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि आगे बढ़ाने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कृषि विषय की परीक्षा तिथि घोषित कर दी गई है, जबकि संबंधित पाठ्यक्रम अब तक पूर्ण नहीं कराया गया है, जिससे विद्यार्थी परीक्षा देने में असमर्थ हैं। साथ ही महाविद्यालय परिसर में लगे राजनैतिक एवं व्यावसायिक बैनर/फ्लेक्स हटाने तथा परिसर में स्थित क्षतिग्रस्त पानी की टंकी को शीघ्र हटाने की मांग की गई है, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
परिषद द्वारा यह अपेक्षा की गई कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। इस अवसर पर जिला संयोजक पीयूष श्रीवास , गगन मानकर, सुशील श्रीवास, अमन भावरकर, गौतम विश्वकर्मा, मोहित प्रजापति, हिमांशु राजपूत, आयुष्मान सर्याम , केशव गुपता , रोहिणी उइके सहित अन्य विद्यार्थी एवं परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।