सौंसर क्षेत्र में हो सकेंगी नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना
राजनीति
19-Nov-26
करोड़ों के निवेश की संभावना और हजारों बेरोजगारों को मिलेगा रोजगार

छिन्दवाड़ा अपडेट
सौंसर क्षेत्र में वर्षों से लंबित औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की स्वीकृति मंदसौर में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में मिल गई है। सौंसर क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की स्वीकृति दिये जाने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों और क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री चौतन्य कुमार कश्यप और सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है।
सांसद ने मुख्यमंत्री सहित अन्य प्रमुखजनों से किया था निवेदन
पिछले दिनों भोपाल प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करते हुए सौंसर में मेसर्स छिंदवाड़ा प्लस डेवलपर्स प्राईवेट लिमिटेड को आवंटित भूमि को लेकर चर्चा की है। सांसद ने मुख्यमंत्री को बताया कि मेसर्स छिंदवाड़ा प्लस डेवलपर्स प्राईवेट लिमिटेड को आवंटित भूमि में वर्तमान तक किसी प्रकार का उद्योग स्थापित नहीं किया गया है, उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि उक्त आवंटित भूमि में जल्द से जल्द उद्योगों की स्थापना की जाये, जिससे की क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने उक्त मामले को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने भोपाल प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव के साथ ही सूक्ष्म व लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री चैतन्य कुमार कश्यप और सूक्ष्म व लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव से भी मुलाकात करते हुए सौंसर क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने को लेकर निवेदन करते हुए पत्र सौपा था। सांसद बंटी विवेक साहू ने पाढुर्णा में आयोजित दिशा समिति की बैठकों में भी निर्णय लेते हुए शासन को सौंसर क्षेत्र में वर्षों से लंबित औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की स्वीकृति का प्रस्ताव भेजा था। सांसद के प्रयासों से नए औद्योगिक क्षेत्र में जहा करोड़ों का निवेश हो सकेगा वहीं हजारों बेरोजगारों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो सकेंगे। सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा में 17.03.2025 को नियम 377 के तहत छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में मल्टी स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) की स्थापना के संदर्भ प्रश्न उठाया था। जिसके बाद केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सांसद बंटी विवेक साहू को पत्र प्रेषित करते हुए उल्लेख किया था कि मैंने मामले की जाँच करवाई है।
मंदसौर में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में लिया गया निर्णय
सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों के बाद मंदसौर में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में पांढुर्णा जिले के सौंसर में एसईजेड के स्थान पर औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की स्वीकृति मिल गई है। मंत्रि-परिषद ने पांढुर्णा की सौंसर तहसील में मेसर्स छिंदवाड़ा प्लस डेव्हलपर्स लिमिटेड, नागपुर द्वारा प्रस्तावित मल्टी प्रोडक्ट स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (एसईजेड) के स्थान पर औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की स्वीकृति दी है। इसके अंतर्गत राजस्व विभाग द्वारा कंपनी को आवंटित शासकीय भूमि तथा अर्जित निजी भूमि का प्रयोजन एसईजेड से परिवर्तित कर औद्योगिक क्षेत्र करने की स्वीकृति दी गई है।
मंत्रि-परिषद के निर्णय के अनुसार राजस्व विभाग के 20 मार्च 2013 के अनुमति आदेश की कंडिका 4.9 के तहत कंपनी को दी गई भूमि या उसके किसी भाग अथवा उस पर निर्मित किसी निर्माण या भवन आदि को बेचने, बंधक रखने, दान देने, पट्टे पर देने या अन्य प्रकार से अंतरित करने का अधिकार राजस्व विभाग एवं मध्यप्रदेश शासन के स्थान पर कंपनी के पक्ष में हस्तांतरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा शासकीय भूमि आवंटन में प्रब्याजी और भू-भाटक तथा एसईजेड की स्थापना के लिए दी गई स्टॉम्प ड्यूटी, पंजीयन शुल्क और मुद्रांक शुल्क की छूट की राशि संबंधित विभाग की गणना के अनुसार वापस जमा कराई जाएगी।
निर्णय के तहत भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम- 2013 के अंतर्गत अर्जित की गई 12.837 हेक्टेयर शासकीय भूमि कंपनी से समर्पित कराकर औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग को हस्तांतरित की जाएगी। इसके अलावा प्रस्तावित एसईजेड परियोजना में 3.5 प्रतिशत स्वेट इक्विटी लिए जाने के स्थान पर कंपनी की क्रय निजी भूमि, अर्जित निजी भूमि और आवंटित शासकीय भूमि का 3.5 प्रतिशत हिस्सा लिया जाएगा। इस प्रकार 12.837 हेक्टेयर शासकीय भूमि विभाग को हस्तांतरित करने के बाद कंपनी के पास शेष बची 1175.55 हेक्टेयर (कुल 1188.387 हेक्टेयर में से) भूमि का 3.5 प्रतिशत रकबा अर्थात लगभग 41.144 हेक्टेयर भूमि कंपनी द्वारा औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग को हस्तांतरित की जाएगी।