कलेक्टर ने अधिकारियों को दी नई जिम्मेदारियां
छिंदवाड़ा
19-Nov-26
विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा, मॉनिटरिंग एवं समन्वय बनाएंगे अधिकारी

छिन्दवाडा अपडेट
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हरेंद्र नारायन ने पूर्व में जारी कार्य विभाजन आदेश दिनांक 26 मई 2026 में आंशिक संशोधन किया है। नवीन आदेश के तहत जिला स्तरीय विभागों के सुचारू संचालन, विभागीय गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग, विभागीय प्रकरणों एवं प्रस्तावों के परीक्षण तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों एवं डिप्टी कलेक्टरों को विभिन्न विभागों का प्रभारी अधिकारी नियुक्त करते हुए अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
जारी कार्य विभाजन आदेश के अनुसार अतिरिक्त कलेक्टर धीरेंद्र सिंह को आबकारी विभाग, वाणिज्यकर विभाग, जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र, सहकारिता विभाग, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, लोक अभियोजन, जिला खेल अधिकारी, जिला पंजीयक तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सहित विभिन्न विभागों का प्रभार सौंपा गया है।
संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी को जिला कोषालय, जिला पेंशन कार्यालय, जिला अग्रणी बैंक, जिला रोजगार कार्यालय, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 एवं 2, नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी, महिला आईटीआई, जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय, संस्थागत वित्त, जिला आयुष कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, खनिज विभाग एवं जिला ओलंपिक एसोसिएशन का प्रभार दिया गया है।
डिप्टी कलेक्टर राजेश मरावी को जिला शहरी विकास अभिकरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जन अभियान परिषद, पीजी कॉलेज धरमटेकड़ी, राजमाता सिंधिया कॉलेज, पीडब्ल्यूडी उपसंभाग, ग्राम एवं नगर निवेश, नगर निगम, जल विकास निगम, लोक निर्माण विभाग, पेंच परियोजना बांध व नहर संभाग छिंदवाड़ा एवं वन व्यवस्थापन का प्रभार सौंपा गया है।
डिप्टी कलेक्टर राहुल पटेल को जिला आपूर्ति, जिला विपणन, नागरिक आपूर्ति विभाग, प्रबंधक मध्यप्रदेश वेयर हाउस, जिला ई-गवर्नेंस शाखा, जिला जनसंपर्क विभाग, कृषि उपज मंडी, एमपी एग्रो कार्यालय, प्रबंधक सहकारी विपणन संघ मर्यादित, जिला सूचना विज्ञान, स्वास्थ्य विभाग, जिला चिकित्सालय, डीपीएम एनएचएम, रेडक्रॉस सोसायटी, रोगी कल्याण समिति एवं जिला जेल विभाग का प्रभारी बनाया गया है।
प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, श्रम पदाधिकारी कार्यालय, जिला सैनिक कल्याण, नापतौल विभाग, जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी कार्यालय, दुग्ध संयंत्र, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला अंत्यावसायी वित्त विकास निगम, खादी ग्रामोद्योग विभाग एवं आदिवासी वित्त विकास निगम का प्रभार सौंपा गया है।
इसी प्रकार डिप्टीकलेक्टर रमेश कुमार मेहरा को मत्स्य विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, कृषि विभाग, मिट्टी परीक्षण कार्यालय, पॉलिटेक्निक कॉलेज खिरसाडोह, शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज छिंदवाड़ा, जिला समन्वयक पेसा, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी छिंदवाड़ा एवं सड़क विकास निगम का प्रभार दिया गया है।
प्रभारी अधिकारियों के दायित्व
आदेश के अनुसार प्रभारी अधिकारी अपने आवंटित विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करेंगे। साथ ही विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति का परीक्षण करेंगे। कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले महत्वपूर्ण प्रकरणों, प्रतिवेदनों एवं प्रस्तावों का परीक्षण कर प्रस्तुत करना, विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शासन के निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करना तथा कलेक्टर द्वारा समय-समय पर सौंपे गए अन्य कार्यों का निष्पादन करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।