Home News Helpline Classified Jobs About Contact

संविधान दिवस पर भोपाल में कांग्रेस करेगी “संविधान रक्षा मार्च”

संविधान दिवस पर भोपाल में कांग्रेस करेगी “संविधान रक्षा मार्च”
राजनीति
19-Nov-26
छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले से पहुंचेंगे हजारों कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्तागण

राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में बनाई गई रणनीति

छिन्दवाड़ा अपडेट

संविधान दिवस पर कांग्रेस प्रदेश की राजधानी भोपाल में विशाल “संविधान मार्च“ निकालकर निर्वाचन आयोग के संस्थागत कब्जे का विरोध करेगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता को पद से हटाने के साथ ही तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेगी। छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले से हजारों कांग्रेसजन भोपाल पहुंचकर संविधान मार्च में शामिल होंगे।

26 नवम्बर 2026 को आयोजित होने वाले मार्च को लेकर राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। विधायकगण, प्रभारीगण, पर्यवेक्षकगण, ब्लॉक, उप ब्लॉक, शहर अध्यक्षगण, मोर्चा संगठन के अध्यक्षगण व ब्लॉक अध्यक्षगण वोट लिस्ट सतत निगरानी समिति के सदस्यगणों की बैठक को सम्बोधित करते हुए एआइसीसी से नियुक्त छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना पर्यवेक्षक विमल शाह ने कार्यक्रम से अवगत कराते हुए कहा कि मार्च से पूर्व कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बूथ पर पहुंचकर हटाए गए मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी स्तर की बैठकें, वोट रक्षकों की नियुक्ति तथा जमीनी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। हटाए गए मतदाताओं का वोट रक्षकों द्वारा बूथ स्तर पर सत्यापन करेंगे जिसकी सम्पूर्ण निगरानी मंडलम अध्यक्षों के द्वारा की जाएगी। 29 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक सत्यापन के निष्कर्षों के आधार पर ग्राम स्तर पर “वोट बचाओ, देश बचाओ चौपालों” का आयोजन किया जाएगा। 30 नवम्बर तक वोट रक्षक कार्यक्रम संचालित होंगे। जिसके तहत मंडलम अध्यक्ष अपने मंडलम के प्रत्येक बूथ के लिए कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त करेंगे। बीएलए बूथ समिति के सदस्य, युवा संगठनों के कार्यकर्ता तथा पोर्टल पर वोट रक्षक के रूप में जुड़ने वाले नागरिक शामिल होंगे। वोट रक्षक अपने बूथ में प्रत्येक हटाए गए मतदाताओं के पास जाएंगे और तथ्यों का सत्यापन करेंगे और पोर्टल पर उसका रिकॉर्ड अपलोड करेंगे।

ग्राम स्तर पर लगेंगे चौपालें

श्री शाह ने सम्बोधित करते हुए आगे कहा कि 29 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक सत्यापन से प्राप्त हुए निष्कर्षों के आधार पर ग्राम स्तर पर चौपालों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हटाए गए मतदाताओं, बुजुर्ग व पंचायत प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी एवं नकुलनाथ जी का संगठन पर अधिक ध्यान रहता है, इसीलिये इनमें से अधिकांश कार्य छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिला कांग्रेस के द्वारा इनमें से अधिकांश कार्य पूर्ण कर लिए गए होंगे। जो कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। दिल्ली में हुए वोट बचाओ, संविधान बचाओ मार्च में दोनों ही जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, इसी तरह अब भोपाल भी पहुंचे।

आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि छिन्दवाड़ा जिला कांग्रेस संगठन की बैठकें सतत रूप से जारी है। बूथ को मजबूत करने की दिशा में सतत रूप से कार्य किए जा रहे जो आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों के साथ ही एसआईआर व मतदाता सूची से सम्बंधित प्रशिक्षण दिए जाने व नाम जोड़ने अथवा हटाने की प्रक्रिया में कांग्रेस के प्रत्येक बूथ स्तर के पदाधिकारी की सक्रियता का भी उल्लेख किया।

कांग्रेस के एसआईआर प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची में दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 11 दिसम्बर शुक्रवार है। 28 दिसम्बर सोमवार को दावे आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। 04 जनवरी 2027 सोमवार को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस के उपस्थित समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से इन प्रक्रियाओं में सक्रिय रहकर कार्य करने का आग्रह किया साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। आयोजित बैठक को गंगाप्रसाद तिवारी, गुरूचरण खरे व अमित सक्सेना ने भी सम्बोधित किया। बैठक में मंच संचालन कांग्रेस के कार्य. अध्यक्ष सुरेश कपाले ने किया व आभार प्रदर्शन शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने किया।
Share News On