नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए सांसद ने मुख्यमंत्री का माना आभार
राजनीति
19-Nov-26
लंबित अन्य विकास कार्यों की रखी मांग

छिंदवाड़ा अपडेट
गुरूवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सौंसर क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र की सौगात दिए जाने पर अभिनंदन कर आभार भी व्यक्त किया है। सांसद ने सीएम से छिंदवाड़ा व पांढुर्णा जिले में अल्पवर्षा के कारण किसानों को हुये नुकसान की भरपाई करने का निवेदन करते हुए दोनों जिलों में सूखे से राहत के लिये सहयोग प्रदान करने का आग्रह भी किया है। सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान, राजा शंकरशाह विश्वविद्यालय के लिए बजट आवंटन, चिकित्सा महाविद्यालय में प्राध्यापकों की पदस्थापना, जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में बजट की स्वीकृति और नगर परिषद बिछुआ में निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए अनुरोध भी किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांसद को दोनों जिलों के विकास को लेकर हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया है।
सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री व प्रभारी मंत्री से भी की मुलाकात
भोपाल प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से मुलाकात करते हुए दोनों जिलों की स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए विकासखण्डों के गांवों में उप स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्वीकृति का निवेदन किया है। साथ ही जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा में गायनिक वार्ड व एनआईसीयू में सुविधाएं बढ़ाने का आग्रह भी किया है। सांसद श्री साहू ने छिन्दवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह से मुलाकात करते हुए छिन्दवाड़ा जिले में विकास कार्यों को लेकर चर्चा करते हुए दोनों जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्वीकृति व अन्य निर्माण को लेकर निवेदन भी किया है। मुलाकात के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता टीकाराम चंद्रवंशी, बंटी पटेल, लक्ष्मीकांत गोलू नागरे, संजय सक्सेना आदि मौजूद थे।
सांसद ने सीएम से विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान को लेकर की चर्चा
मुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान से ओपन कोयला खदान परियोजना पेंचक्षेत्र वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड के वन भूमि व्यपवर्तन प्रस्ताव को भारत सरकार को शीघ्र अग्रेषित किया जाए। उन्होंने सीएम को बताया कि पेंचक्षेत्र की विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान को ओपन कोयला खदान में परिवर्तित करने के लिये वन भूमि व्यपवर्तन का प्रस्ताव मध्यप्रदेश शासन स्तर पर लंवित है जिसे कि भारत सरकार को अनुमति के लिये भेजा जाना है। उक्त परियोजना की निर्धारित उत्पादन क्षमता 1.50 मिलियन टन प्रतिवर्ष है। परियोजना का कुल क्षेत्रफल 427 हेक्टेयर है, जिसमें 146.914 हेक्टेयर वन भूमि का व्यपवर्तन प्रस्तावित है। परियोजना की अनुमानित लागत 227.65 करोड़ है। सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि इससे क्षेत्रीय विकास छिंदवाड़ा जिले में स्थानीय व्यापार, परिवहन, संविदात्मक सेवाओं एवं अन्य संबद्ध आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।