स्किल सेन्टर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं से मिले नकुलनाथ
राजनीति
21-Oct-26
छिन्दवाड़ा अपडेट

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के प्रयासों से छिन्दवाड़ा जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में संचालित विभिन्न स्किल सेन्टरों से निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं ने नकुलनाथ से भेंट की। उन्होंने समस्त युवाओं से प्रशिक्षण की गुणवत्ता सहित अन्य विषयों पर बारीकि से चर्चा की। सभी को मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करने व उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
सीआईआई स्किल सेंटर के 50 छात्र-छात्राओं, अशोक लीलैंड ड्राइविंग इंस्टिट्यूट के 40 प्रशिक्षणार्थियों, एनआइआईटी छिंदवाड़ा के 25, एनआइआईटी बड़कुही के 25 व युवाम कोचिंग से निः शुल्क विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 60 से अधिक छात्र-छात्राएं बैंकिंग, रेलवे, पटवारी एवं मध्यप्रदेश पुलिस जैसी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से भी संवाद किया और उनके लक्ष्यों एवं आकांक्षाओं को जाना। विदित हो कि सभी युवाओं व छात्र-छात्राओं को कमलनाथ एवं नकुलनाथ की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण व शिक्षा प्रदान की जा रही है।
युवाओं को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेता नकुलनाथ ने कहा कि मेरा व कमलनाथ जी का सपना है कि हर बच्चे को उच्च शिक्षा मिले, प्रत्येक युवा को कौशल प्रशिक्षण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन और कोचिंग के अवसर प्राप्त हो। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार मिले वे आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार के साथ-साथ समाज एवं प्रदेश की प्रगति में योगदान दें।