किसानों को भ्रमित कर रहे नकुलनाथ: शैलेन्द्र रघुवंशी
कृषि जगत
28-Apr-26
जिले में गेहूं खरीदी की व्यवस्थाएं सुचारू, विपक्ष फैला रहा झूठ
छिंदवाड़ा।
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी ने पूर्व सांसद नकुलनाथ द्वारा गेहूं खरीदी को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे तथ्यहीन, भ्रामक और पूरी तरह राजनीतिक हताशा से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि नकुलनाथ किसानों को ढाल बनाकर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि जिले में गेहूं खरीदी की व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं और प्रशासन निरंतर इसकी निगरानी कर रहा है।
शैलेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि छिंदवाड़ा जिले के सभी खरीदी केंद्रों पर गेहूं की तुलाई पारदर्शी तरीके से जारी है तथा जिला प्रशासन और नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा प्रत्येक केंद्र की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। बारदाने और परिवहन को लेकर किसी प्रकार की गंभीर समस्या नहीं है, लेकिन कांग्रेस जानबूझकर भ्रम की स्थिति पैदा कर किसानों में असंतोष फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी युग में सर्वर की गति कभी-कभी धीमी होना सामान्य प्रक्रिया है, जिसे तत्काल दुरुस्त कर दिया जाता है। अधिकांश किसानों ने सफलतापूर्वक स्लॉट बुक कर अपनी उपज का विक्रय किया है और सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम किसान का अंतिम दाना भी खरीदा जाए।
उन्होंने नकुलनाथ द्वारा किसानों के पंजीयन को लेकर लगाए गए आरोपों को भी निराधार बताया और कहा कि पंजीयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर संचालित की जाती है। पात्रता के अनुसार पंजीयन कराने वाले प्रत्येक किसान को अवसर दिया जा रहा है। रकबे में कमी जैसे आरोप भी तथ्यों से परे हैं, क्योंकि राजस्व अभिलेखों के मिलान के बाद ही वास्तविक आंकड़े अपडेट किए जाते हैं, जिससे बिचौलियों और फर्जीवाड़े पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने कहा कि नकुल नाथ का एक लाख पच्चासी हजार किसानों के वंचित रहने की बात वातानुकूलित कमरे के कयासों पर आधारित केवल राजनीतिक बयानबाजी है, जिसका धरातल से कोई संबंध नहीं है।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने कहा कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, शुद्ध पेयजल और बैठने जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, लेकिन कांग्रेस नेता वातानुकूलित कमरों में बैठकर केवल बयान देने में लगे हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो कांग्रेस चुनाव के समय किसानों से बड़े-बड़े वादे करती थी और सत्ता में आने के बाद कर्जमाफी तक भूल गई थी, वही आज किसानों के अधिकारों की बात कर रही है। कांग्रेस को किसानों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाना बंद कर देना चाहिए, क्योंकि प्रदेश का किसान अब सच्चाई को भली-भांति समझ चुका है।
शैलेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि भाजपा सरकार अन्नदाता के सम्मान और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश का किसान आत्मनिर्भर और सशक्त बन रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का तथाकथित कंट्रोल रूम केवल राजनीतिक पाखंड का केंद्र बनकर रह गया है, जबकि सरकार का पूरा तंत्र खेतों और मंडियों में किसानों की सेवा के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय है। उन्होंने कहा कि नकुलनाथ का यह दौरा भी केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित रहेगा, क्योंकि जनता अब उनकी राजनीति और मंशा दोनों को अच्छी तरह पहचान चुकी है।