सीवरेज प्लांट से शुद्ध हुए जल को बेचेगी नगर निगम
छिंदवाड़ा
16-Apr-26
छिन्दवाडा
खाली खजाना का रोना रोने वाली नगर पालिक निगम अब सीवरेज प्लांट से शुद्ध हुए जल को बेचकर पैसा बनाएगी। यह जल आम नागरिकों को 100 रूपए प्रति टेंकर की दर से मिलेगा। इस पानी की बुकिंग के लिए निगम ने अमृत शाखा से संपर्क करना होगा।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत छिंदवाड़ा नगर पालिक निगम द्वारा शहर में स्वच्छता को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वाटर प्लस मानकों के अनुरूप सार्वजनिक शौचालयों और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। नगर निगम के अनुसार शहर खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ$$) घोषित है और अब वॉटर प्लस प्रमाणन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई हैं।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस संबंध में सुझाव या आपत्ति दर्ज करानी हो, तो वे 15 दिनों के भीतर निगम कार्यालय, इंदिरा गांधी क्रिकेट मैदान के सामने स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
इसी क्रम में नगर निगम द्वारा संचालित एस.टी.पी. (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से शुद्ध किए गए जल का उपयोग भी बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में इस जल का उपयोग शहर के उद्यानों, ग्रीन बेल्ट, निर्माण कार्यों, रोटरी, अग्निशमन वाहनों एवं सड़कों की धुलाई जैसे कार्यों में किया जा रहा है। नगर निगम ने यह सुविधा आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध कराई है। इच्छुक नागरिक एस.टी.पी. के शुद्ध जल का उपयोग मात्र 100 रुपये प्रति टैंकर की दर से कर सकते हैं। इसके लिए वे अमृत शाखा, नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा में संपर्क कर सकते हैं।