छिंदवाड़ा में 8 मई को होगा सामूहिक विवाह, 200 जोड़ों को मिलेगा लाभ
छिंदवाड़ा
16-Apr-26
छिन्दवाडा
शहर के गरीबी रेखा में जीवन यापन करने वाले परिवारों के लिए शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 8 मई 2026 को दशहरा मैदान, छिंदवाड़ा में नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा एवं जनपद पंचायत छिंदवाड़ा/मोहखेड़ के तत्वावधान में संपन्न होगा।
इस कार्यक्रम में अधिकतम 200 जोड़ों के विवाह कराए जाएंगे। इच्छुक जोड़ों के लिए आवेदन निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अनुसार वधु की आयु न्यूनतम 18 वर्ष एवं वर की आयु 21 वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है। नगर निगम द्वारा विवाह पंजीयन हेतु एकता पार्क के पास कार्यालय में व्यवस्था की गई है। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि विवाह तिथि से 7 दिन पूर्व निर्धारित की गई है। शासन की योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 49,000 रुपये की सहायता राशि का लाभ प्रदान किया जाएगा, जो अकाउंट पेयी चेक के माध्यम से दी जाएगी। नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि पात्र हितग्राही इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अधिक जानकारी के लिए नगर निगम कार्यालय में संपर्क करें।
जिले के सभी नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान करने के लिए जिले के विभिन्न विकासखंडों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। योजना में ऐसे परिवारों को शामिल किया गया है जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करते हैं तथा पात्रता की शर्तों को पूरा करते हैं।
निर्देशों में बताया गया है कि प्रत्येक आयोजन में न्यूनतम 11 एवं अधिकतम 200 जोड़ों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही आवेदन प्रक्रिया को विवाह पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाएगा। योजना के तहत विवाह में सम्मिलित वधुओं को 49,000 रुपये की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रदान की जाएगी, जिसमें से 6,000 रुपये तक की राशि सामूहिक विवाह आयोजन हेतु व्यय की जाएगी।
कब कहां होंगे विवाह/निकाह
08 मई को नगर निगम छिंदवाड़ा एवं संबंधित क्षेत्र
12 मई को जनपद पंचायत बिछुआ क्षेत्र
13 मई को जनपद पंचायत अमरवाड़ा क्षेत्र
14 मई को जनपद पंचायत परासिया एवं जुन्नारदेव क्षेत्र
में सामूहिक विवाह सम्मेलन होना निर्धारित है।
इस संबंध में कलेक्टर नारायन द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाय योजना के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार सामूहिक विवाह सम्मेलन के संबंध में आयुक्त नगरपालिक निगम छिंदवाड़ा, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं सभी नगरपालिका/नगरपरिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को अपने क्षेत्र के अंतर्गत व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाकर नियत तिथि पर लक्ष्य के अनुसार जोड़ों को सम्मिलित कराते हुये सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित कराया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।