Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

नगर निगम ने गोलगंज में जर्जर भवन तोड़ा

नगर निगम ने गोलगंज में जर्जर भवन तोड़ा
छिंदवाड़ा
23-Jul-25
बारिश के मौसम में गिर सकती थी जीर्णशीर्ण इमारत

छिंदवाड़ा

बारिश के मौसम में जीर्ण-शीर्ण भवनों की गिरने की संभावना अधिक रहती है ऐसे में कई बार जनहानि भी हो जाती हैं। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने बुधवार 23 जुलाई को शहर के मध्य गोलगंज में एक जर्जर भवन को गिरा दिया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि इस भवन को गिराने के पहले सुरक्षा संबंधी नोटिस जारी किया गया था उसके बाद ही यह कार्रवाई की गई।



वार्ड क्रमांक 31में गोलगंज स्थित एक अत्यंत जर्जर भवन को नगर निगम छिंदवाड़ा की टीम ने सुरक्षा कारणों से ध्वस्त  कर दिया। निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय के निर्देशानुसार यह कार्रवाई अतिक्रमण शाखा एवं लोक निर्माण विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। यह भवन (भवन क्रमांक 620, नजूल सीट नं. 17, भूखंड क्रमांक 171/1 एवं 174/1) विगत कई वर्षों से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। दीवारों में बड़ी दरारें आ चुकी थीं और भवन के अचानक गिरने की आशंका बनी हुई थी। भवन में उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के परगना क्षेत्र के  निवासी अभय कोठारी व हिमेश शुक्ला ( श्री विद्यापीठ, संस्कृत पुस्तकोन्ति सभा) एवं दीप गुप्ता निवासरत थे। निगम द्वारा पूर्व में सभी संबंधित व्यक्तियों को विधिवत नोटिस जारी कर भवन की स्थिति से अवगत कराया गया था और उसे स्वयं हटाने का अवसर दिया गया था। परंतु तय समयसीमा में कार्रवाई न होने के कारण नगर निगम ने आवश्यक सुरक्षा उपायों के तहत जेसीबी मशीन द्वारा भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने बताया कि जनसुरक्षा नगर निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। भवन के गिरने की आशंका और उससे संभावित जनहानि को टालने हेतु यह आवश्यक कदम उठाया गया। निगम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी।
Share News On