Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

पॉलिटेक्निक कॉलेज में तीन नई ब्रांच खोलने सांसद श्री साहू ने की पहल

पॉलिटेक्निक कॉलेज में तीन नई ब्रांच खोलने सांसद श्री साहू ने की पहल
शिक्षा
18-Jul-26
मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री और मुख्य सचिव को लिखा पत्र

छिंदवाड़ा

इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सांसद बंटी विवेक साहू ने महत्वपूर्ण पहल की है। सांसद ने महाविद्यालय में इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, सिविल तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग की नई ब्रांच प्रारंभ कराने, महाविद्यालय को एकलव्य पॉलिटेक्निक योजना में शामिल करने तथा परिसर में निर्मित एवं वर्तमान में बंद पड़े छात्रावासों को पुनः प्रारंभ कराने को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार एवं मुख्य सचिव को पत्र लिखा है।

सांसद बंटी विवेक साहू ने सांसद कार्यालय में इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.आलोक यादव से चर्चा कर महाविद्यालय की वर्तमान स्थिति, संचालित ब्रांचों तथा भविष्य में किए जाने वाले विस्तार को लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने महाविद्यालय के विकास एवं नई ब्रांचों के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

भवन और छात्रावास की उपलब्ध सुविधाओं का हो सकता है बेहतर उपयोग

सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में वर्तमान में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग तथा मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट की दो ब्रांच संचालित हैं। महाविद्यालय परिसर में निर्मित भवन में पांच ब्रांच संचालित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही परिसर में 50-50 सीटर क्षमता वाले तीन छात्रावास भवन भी निर्मित हैं, जो वर्तमान में खाली पड़े हैं।

जिले की आवश्यकता के अनुरूप नई तकनीकी ब्रांचों की जरूरत

सांसद बंटी विवेक साहू ने पत्र में लिखा है कि जिले की आवश्यकता तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, सिविल तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग की नई ब्रांच प्रारंभ किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में उपलब्ध भवन एवं अन्य संसाधनों का उपयोग करते हुए इन नई ब्रांचों को प्रारंभ किया जा सकता है।

अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

सांसद ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिलों में अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों की संख्या एवं प्रतिशत अधिक है। ऐसे में इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा को एकलव्य पॉलिटेक्निक योजना में शामिल किए जाने से अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार एवं मुख्य सचिव से अनुरोध किया है कि इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में तीनों नई ब्रांच प्रारंभ कराने, आवश्यक पदों की स्वीकृति प्रदान करने तथा महाविद्यालय को एकलव्य पॉलिटेक्निक योजना में शामिल कराने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाए।
Share News On