Home News Helpline Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा से मुंबई और पूना के लिये ट्रेन चालू करने सांसद के प्रयास

 छिंदवाड़ा से मुंबई और पूना के लिये ट्रेन चालू करने सांसद के प्रयास
राजनीति
02-Sep-26
सांसद ने रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में रखे अपने महत्वपूर्ण सुझाव

छिन्दवाड़ा

मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक नागपुर में आयोजित की गई। जिसमें नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के सांसद और रेलवे के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। इस मंडल स्तरीय बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर जहा अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे वही अपनी 20 से अधिक मांगे रेलवे के अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की।

बैठक के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने दादाधाम एक्सप्रेस ट्रेन को शीघ्र प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा, जिसका बैतुल सांसद व केन्द्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके , खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित अन्य सांसदों ने भी समर्थन किया। जिस पर रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दादाधाम एक्सप्रेस ट्रेन को प्रारंभ करने का प्रस्ताव मंत्रायल भेजा जा चुका है, मंत्रायल से अनुमति मिलते ही दादाधाम एक्सप्रेस ट्रेन प्रारंभ कर दी जाएंगी। सांसद श्री साहू ने बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों को दादाजी धुनिवाले के भक्तों के द्वारा दादाधाम एक्सप्रेस ट्रेन को शीघ्र प्रारंभ के लिए तैयार किए गए भजन को भी सुनाया।

सांसद बंटी विवेक साहू ने मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में छिंदवाड़ा को मुबंई व पुणे तक रेल सुविधा से जोड़ने के साथ-साथ सेवकराम एक्सप्रेस, चित्रकूट एक्सप्रेस और टाटानगर व इतवारी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को छिन्दवाड़ा तक बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से रेलवे के अधिकारियों के समक्ष रखी हैं। सांसद ने बैठक में गतिषक्ति योजना के अंतर्गत परासिया रेलवे स्टेषन को भी शामिल करने के साथ ही छिन्दवाड़ा चारफाटक में स्थित रेलवे ओवरब्रिज को नरसिंहपुर मार्ग से जोड़ने के लिए अंडरब्रिज का निर्माण शीघ्र करने की मांग की है। साथ ही रामबाग छिन्दवाड़ा में रेलवे क्रासिंग में ओवरब्रिज या अंडरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा है। बैठक में जेडआरयूसीसी मेम्बर व सांसद प्रतिनिधि सत्येन्द्र ठाकुर सहित रेलवे मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के सांसद व सांसद प्रतिनिधि और रेलवे के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।    

सांसद ने पांढुर्णा में ट्रेनों के स्टॉपेज व अन्य मांगे भी रखी  

नागपुर में आयोजित मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि कोरोना के बाद से पांढुर्णा रेलवे स्टेशन में कई ट्रेनों का स्टॉपेज बंद कर दिया गया है इन ट्रेनों का स्टॉपेज फिर से प्रारंभ किया जाए, पांढुर्णा रेलवे स्टेशन में एक अतिरिक्त फूट ओव्हर ब्रिज का निर्माण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पांढुर्णा रेलवे स्टेशन में जन औषधि केन्द्र भी शुरू किए जाए।

सांसद ने रखी अपनी अन्य प्रमुख मांगे

नागपुर में आयोजित मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने रेलवे के अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग में छिन्दवाड़ा-नरसिंहपुर व सागर तक रेलवे लाइन पुनरीक्षित सर्वे को लेकर रेलवे अधिकारियों से जवाब मांगा है। सांसद ने छिन्दवाड़ा से नागपुर, छिन्दवाड़ा से सिवनी एवं छिन्दवाड़ा से आमला रेल खण्ड को आवष्यकता एवं नीति के अनुसार शीघ्र दोहरीकरण की मांग रखी है। उन्होंने खिरसाडोह में गुड शेड का निर्माण कार्य करने की मांग भी रखी हैं। सांसद श्री साहू ने पातालकोट एक्सप्रेस में भोजन की व्यवस्था के लिए पेन्ट्री कार की सुविधा शुरू करने के साथ ही पेंचव्हेली ट्रेन में एसी और स्लीपर के कोच बढ़ाने की मांग भी की है। उन्होंने छिन्दवाड़ा जिले के रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधाओं के अतिरिक्त शेड लगाने की मांग भी बैठक में की है।
Share News On