Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर-एसपी ने किया पुलिस लाइन में परंपरागत शस्त्र पूजन

कलेक्टर-एसपी ने किया पुलिस लाइन में परंपरागत शस्त्र पूजन
छिंदवाड़ा
20-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

विजयादशमी के पावन अवसर पर जिला पुलिस छिंदवाड़ा द्वारा आज पुलिस लाइन स्थित बटेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में परंपरागत शस्त्र पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत बटेश्वर हनुमान जी के पूजन-अर्चन, हवन एवं मंत्रोच्चार के साथ हुई।

पंडित जी द्वारा विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन, हवन एवं संगीतमय आरती की गई। पुलिस लाइन में रखे समस्त सरकारी शस्त्र रायफल, पिस्टल, कार्बाइन आदि को फूल-माला से सजाकर विधिवत पूजा की गई। मंच को शस्त्र पूजन समारोह - शक्ति, शौर्य और रक्षा का प्रतीक, छिंदवाड़ा पुलिस थीम पर सजाया गया था।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने कहा कि - शस्त्र पूजन हमारी सनातन परंपरा है। पुलिस का शस्त्र जनता की रक्षा, न्याय और धर्म की स्थापना के लिए होता है। हम शस्त्र का उपयोग शांति स्थापित करने और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए करते हैं। दशहरा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने सभी पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि शस्त्र की पूजा हमें अपने कर्तव्य के प्रति और अधिक निष्ठावान बनने की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक हर्ष राज यादव, रक्षित निरीक्षक कमला कुशवाहा, थाना प्रभारी कुंडीपुरा निरीक्षक महेंद्र भगत, साइबर सेल प्रभारी कंचन राजपूत, फिंगरप्रिंट प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र बघेल, पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी डी.एस. शेंडे, थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक संदीप सुरेश, सूबेदार लोहित शेंडे, लाइन ऑफिसर केशव इंगले, समस्त पुलिस लाइन स्टाफ, महिला पुलिस बल सहित बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूजन के पश्चात प्रसाद एवं स्वल्पाहार वितरण किया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
Share News On