बोहनाखैरी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सांसद ने किया सम्मान
शिक्षा
09-Aug-26
हरिओम साहू, आयन वर्मा व छात्रा सोनम चंद्रवंशी को दी उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं

छिंदवाड़ा
पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोहनाखैरी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, लगन, मेहनत और नवाचार के माध्यम से जिले सहित प्रदेश एवं देश का नाम गौरवान्वित किया है। बोहनाखैरी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धि पर सांसद बंटी विवेक साहू ने हर्ष व्यक्त करते हुए सांसद कार्यालय छिंदवाड़ा में इन होनहार छात्र हरिओम साहू, आयन वर्मा व छात्रा सोनम चंद्रवंशी को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं है।
उल्लेखनीय है कि पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोहनाखैरी के छात्र हरिओम साहू ने स्मार्ट मोटर वाहन मॉडल के माध्यम से राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उनका यह नवाचार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सड़क हादसों में होने वाली मृत्यु दर को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। वही कक्षा 8वीं के छात्र आयन वर्मा ने बाइक के पीछे दौड़ने वाले कुत्तों से दोपहिया वाहन चालकों को होने वाली परेशानी का समाधान प्रस्तुत करने वाला अभिनव मॉडल तैयार किया। उनका यह प्रयास सड़क सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी और सराहनीय है।
पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोहनाखैरी में कक्षा 8वीं की बेटी सोनम चंद्रवंशी ने मैग्नेटिक बॉक्स और ऑटोमैटिक स्वीपर कॉम्बो मॉडल प्रस्तुत किया, जो कचरे में मौजूद लोहे के कणों को अलग करने में सक्षम है। यह स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की दिशा में एक सराहनीय नवाचार है। इन सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सांसद बंटी विवेक साहू ने उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा है कि मैं इनके माता-पिता एवं गुरुजनों को भी हार्दिक बधाई देता हूँ, जिनके मार्गदर्शन, संस्कार, मेहनत और प्रोत्साहन से इन बच्चों की प्रतिभा को नई उड़ान मिली है। सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा है कि आप आगे भी इसी तरह मेहनत और नवाचार के साथ आगे बढ़ते रहें। जहाँ भी मेरी आवश्यकता पड़े, मैं सदैव आप सभी के साथ खड़ा हूँ। आपकी सफलता ही हमारे क्षेत्र का गौरव है।