विश्व वृद्धजन दिवस पर सांसद ने किया वृद्धजनों का सम्मान
छिंदवाड़ा
01-Oct-25
छिव्दवाड़ा
वृद्धाश्रम समस्त मानव समाज के लिए अभिशाप हैं, क्योंकि हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके बुढ़ापे का सहारा बन उनकी देखरेख करें, उनका सहारा बनें। जिन्होंने हमें जन्म दिया, पाला पोसा, खिलाया पिलाया, पढ़ा लिखा कर दुनिया में सम्मान से जीने का हक दिया, हम उन्हें वृद्धाश्रम भेजकर अपने कृतघ्न होने का परिचय देते हैं। विदेशों में प्रचलित “ओल्ड एज होम“ की तर्ज पर हमारे यहां भी वृद्धाश्रम बनते जा रहे हैं। हमारी संस्कृति हमें यही शिक्षा देती है कि हम अपने बुजुर्गों की स्वयं देखभाल करें। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने विश्व वृद्धजन दिवस पर दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कही।
दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुये सांसद श्री साहू ने सभी वृद्धजनों पर पुष्प वर्षा करते हुये शॉल श्रीफल देकर सम्मानित भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुजुर्गों में भगवान का वास होता है। बुजुर्गों का अनुभव और आशीर्वाद हमारे जीवन की दिशा तय करते हैं। हमारी जिम्मेदारी है कि उन्हें सम्मान और स्नेह देने के साथ-साथ उनकी देखभाल और साथ रहने का संकल्प लें। उनका सुख और स्वास्थ्य ही हमारे समाज की प्रगति और परिवार की खुशहाली का आधार है। विश्व वृद्धजन दिवस सिर्फ एक दिन मनाने के लिए नहीं है। यह हमें याद दिलाता है कि हर समय बुजुर्गों के प्रति सम्मान और प्रेम बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का सम्मान करें और उन्हें समाज में सुरक्षित और खुशहाल जीवन देने का प्रयास करें। कार्यक्रम को महापौर विक्रम सिंह अहके ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर महापौर विक्रम सिंह अहके, मंडल अध्यक्ष नवीन बारस्कर, सौरभ ठाकुर, अंकुर शुक्ला, श्रीमती लीला बजोलिया, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष जगेंद्र अल्डक, ज़िला भाजपा मंत्री श्रीमती गरिमा प्रतीक दामोदर, वरिष्ठ भाजपा नेता अलकेश लांबा, रिज़वान कुरैशी, चंद्रभान देवरे, पंडित राम शर्मा, शरद बेंडे, बंटी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, निगम कमिश्नर चंद्रप्रकाश राय, वरिष्ठ अधिकारी पुष्पेंद्र निगम सहित अधिकारीगण, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बडी संख्या में वृद्धजन उपस्थित थे।