Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा में संचार संसाधनों को लेकर पूछें प्रश्न

सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा में संचार संसाधनों को लेकर पूछें प्रश्न
छिंदवाड़ा
30-Jul-25
संसदीय सक्रियता में भी आगे दिखे छिंदवाड़ा सांसद

छिन्दवाड़ा

मंत्रालय के प्रमुख विभाग कंज्यूमर अफेयर फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन और कोयला मंत्रालय संसदीय सलाहकार समिति के सदस्य एवं सांसद बंटी विवेक साहू में 30 जुलाई को मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में संचार और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास के केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से संचार संसाधनों के गंभीर मुददों को लेकर प्रश्न पूछें। सांसद श्री साहू ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को धन्यवाद कहते हुए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से प्रश्न पूछे। सांसद श्री साहू के द्वारा पूछे गए प्रश्नों का केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने लोकसभा में जवाब दिया। प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया को बीच में रोकते हुए कहा सांसद मध्यप्रदेश से है, जिसके जवाब में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा सांसद मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से है।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा में 30 जुलाई को कुल 20 प्रश्न रखे गये थे, जिसमें प्रातः 11 बजे से प्रश्न काल के दौरान पहला प्रश्न सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से पूछा गया। सांसद श्री साहू द्वारा पूछे जाने वाले पहले प्रश्न का उत्तर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा दिया गया।

अभी तक 3.57 लाख मोबाइल नंबर काटे गये

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा लोकसभा में बताया गया कि दूरसंचार विभाग साइबर धोखाधड़ी के लिए दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रयासरत है। दूरसंचार विभाग ने गृह मंत्रालय (एमएचए) के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर रिपोर्ट किए गए साइबर धोखाधड़ी के मामलों के आधार पर 3.57 लाख मोबाइल नंबर काट दिए हैं, जिनमें से सबसे अधिक मोबाइल कनेक्शन राजस्थान, बिहार और पश्चिम बंगाल से हैं।

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने आगे बताया कि इसके अलावा दूरसंचार विभाग ने एक ही व्यक्ति द्वारा अलग-अलग नामों से लिए गए संदिग्ध मोबाइल कनेक्शनों की पहचान करने के लिए एक स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और बिग डेटा एनालिटिक टूल विकसित किया है। जिसके तहत 82 लाख से अधिक ऐसे कनेक्शन पुनः सत्यापन प्रक्रिया में विफल होने के बाद काट दिए गए हैं।

उपभोक्ताओं के लिए तैयार किया रोवस्ट फ्रेमवर्क

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने आगे बताया कि दूरसंचार विभाग ने उपभोक्ताओं को मोबाइल कनेक्शन जारी करने के लिए नो योर कस्टमर (केवाईसी) रोवस्ट फ्रेमवर्क तैयार किया है। दूरसंचार विभाग ने दिशानिर्देश जारी किए है जिनके अनुसार दूरसंचार लाइसेंसधारियों को अपने पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) को पंजीकृत करना अनिवार्य है जो ग्राहकों का नामांकन करते हैं और लाइसेंसधारियों की ओर से सिम जारी करते हैं, जिसके लिए वायोमेट्रिक सत्यापन, पीओएस के व्यवसाय के स्थान और स्थानीय निवास के पते का भौतिक सत्यापन किया जाता है।

उन्होंने बताया कि दिशा-निर्देशों में सिम कार्ड के ऑनलाइन आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन का रख-रखाव करने, करार समाप्त करने सहित उल्लंघन के लिए दंडात्मक कार्रवाई और सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) में पीओएस को ब्लैक लिस्ट करने का प्रावधान भी है। इसके अलावा दूरसंचार विभाग ने मौजूदा केवाईसी अनुदेशों में भी संशोधन किया है और व्यावसायिक कनेक्शन फ्रेमवर्क आरंभ किया है जिसमे एक्टिवेशन से पहले प्रत्येक एंड-यूसर का केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा सिम स्वैप/रिप्लेसमेंट के लिए एक रोबस्ट केवाईसी प्रक्रिया भी शुरु की गई है।

वर्षों बाद स्थानीय सांसद को मिला प्रश्न पूछने का अवसर

ज्ञातव्य हो कि वर्षों बाद छिन्दवाड़ा का स्थानीय सांसद लोकसभा में प्रश्न पूछते हुए दिखाई दिया। जिसका सीधा प्रसारण लोकसभा के चैनलों और सोशल मीडिया के प्लेटफार्माे पर 30 जुलाई को प्रातः 11 बजे से किया गया। सांसद श्री साहू के समर्थकों, छिन्दवाड़ा और पांढुर्णा के नागरिक बंधुओं और भाजपा के तमाम पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान 30 जुलाई को प्रातः 11 बजे से प्रसारित कार्यक्रम को लाइव देखा। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कुल 20 तारंकित प्रश्न रखे गये थे। तारंकित प्रश्नकाल के दौरान सांसदों द्वारा प्रश्न पूछे गए। जिसका जवाब संबंधित केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा दिया गया। यह पहला अवसर है कि छिन्दवाड़ा के स्थानीय सांसद को सबसे पहले प्रातः काल में 11 बजे प्रश्न पूछने का अवसर मिला।
Share News On