पूर्व सीएम कमलनाथ व पूर्व सांसद नकुलनाथ 31 को आएंगे
छिंदवाड़ा
30-Jul-25
तीन दिन राजनीतिक व धार्मिक कार्यक्रमों में होंगे सम्मिलित
छिन्दवाड़ा
कांग्रेस को जिले में और मजबूत करने का मंत्र देने के लिए मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ का तीन दिवसीय दौरे पर 31 जुलाई को छिन्दवाड़ा आ रहे हैं। आगमन उपरांत नेताद्वय धार्मिक व राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करने के लिए बैठकों में व्यस्त रहेंगे। इसके अलावा उनका लक्ष्य भविष्य में कांग्रेस की जीत का मार्ग प्रशस्त करने के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरने का भी है। मात्र 2 माह की अवधि में उनका आगमन निःसंदेह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करेगा।

जिला कांग्रेस कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार कमलनाथ एवं नकुलनाथ का 31 जुलाई, गुरुवार को दोपहर 12 बजे छिन्दवाड़ा आगमन होगा। इसके बाद नेताद्वय जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। दोपहर 2.30 बजे नकुलनाथ राजीव भवन पहुंचेंगे, यहां वे छिन्दवाड़ा जिला एनएसयूआई एवं पांढुर्ना जिला एनएसयूआई की आयोजित बैठक में उपस्थित होंगे। कमलनाथ एवं माननीय नकुलनाथ शाम 05 बजे छिन्दवाड़ा ग्रामीण भाग एक के पदाधिकारियों की बैठक में उपस्थित होंगे।
1 अगस्त, शुक्रवार को कमलनाथ एवं नकुलनाथ सुबह10.30 बजे शिकारपुर में प्रभारी एवं पर्यवेक्षकों की आयोजित बैठक में सम्मिलित होंगे। नकुलनाथ दोपहर 02 बजे राजीव भवन में शहर कांग्रेस छिन्दवाड़ा व परासिया के नवनियुक्त पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। दोपहर 3.30 बजे दशहरा मैदान में आयोजित शिव महापुराण कथा में सम्मिलित होंगे। सांय 05 बजे शिकारपुर में आयोजित छिन्दवाड़ा ग्रामीण भाग दो के पदाधिकारियों की बैठक में सम्मिलित होंगे। 2 अगस्त शनिवार को नकुलनाथ सुबह 10.30 बजे पातालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना करेंगे। दोपहर 12 बजे वे छिन्दवाड़ा से प्रस्थान करेंगे।