Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

शिव नगर कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग पर गहरे गड्ढों से दुर्घटना की आशंका

शिव नगर कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग पर गहरे गड्ढों से दुर्घटना की आशंका
छिंदवाड़ा
30-Jul-25
नगर निगम ने रेल विभाग को भेजा पत्र

छिन्दवाड़ा

शिव नगर रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में गड्ढों की समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त ने साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे के असिस्टेंट डिवीजनल इंजीनियर को पत्र भेजकर तत्काल मरम्मत कार्य कराने का अनुरोध किया है। यह पत्र क्षेत्र में मौजूद गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण नागरिकों को हो रही असुविधा के आधार पर जारी किया गया है।


नगर निगम आयुक्त ने भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि भगवान श्रीचंद स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग पर, रेलवे ट्रैक के उत्तर दिशा में बॉटम टॉप ऑफ फॉर्मेशन सेंट्रल ऑफ ट्रैक के समीप अत्यंत गहरे गड्ढे हो चुके हैं। इससे आम नागरिकों, विशेषकर स्कूली बच्चों और कॉलेज विद्यार्थियों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण कई बार दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं स्कूल वैन और अन्य चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

उल्लेखनीय है कि इस मार्ग से प्रतिदिन भगवान श्रीचंद स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, फर्स्ट स्टेप स्कूल, विद्याभूमि स्कूल, पीजी कॉलेज और विभिन्न शासकीय कार्यालयों के छात्र और कर्मचारी बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं। निगम ने पत्र में बताया है कि रेलवे विभाग द्वारा उक्त क्रॉसिंग के एक हिस्से की मरम्मत पहले ही कर दी गई है, जबकि दूसरे हिस्से की स्थिति अभी भी बेहद जर्जर बनी हुई है। नगर निगम आयुक्त द्वारा भेजे गए पत्र में अनुरोध किया गया है कि शेष गड्ढों की मरम्मत कार्य शीघ्र किया जाए, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित व सुविधाजनक यातायात की सुविधा मिल सके।
Share News On