Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

एलकापार, खेरीतायगांव, कबर पिपला में सांसद बंटी साहू ने लगाई चौपाल

एलकापार, खेरीतायगांव, कबर पिपला में सांसद बंटी साहू ने लगाई चौपाल
राजनीति
18-Jun-26
बड़ोसा, सतनूर एवं पारडसिंगा में किया युवाओं, महिलाओं और किसानों से संवाद  

छिंदवाड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क एवं संवाद अभियान के तहत छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने गुरुवार को सौंसर क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एलकापार, खैरीतायगांव और कबर पिपला में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा बड़ोसा, सतनूर और पारड़सिंगा में युवाओं, महिलाओं एवं किसानों से संवाद किया।

चौपालों को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम वर्ष रहे हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जहां ऐसे कार्यक्रमों में शिकायतकर्ताओं की संख्या अधिक होती थी, वहीं अब लाभार्थी बड़ी संख्या में पहुंचकर सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने पर आभार व्यक्त कर रहे हैं।

सांसद ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा कुछ मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए कहा। इस दौरान सांसद ने कबर पिपला स्थित दादाजी धूनी वाले मंदिर में पूजा-अर्चना की और विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने ग्रामीणों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद साहू ने खैरीतायगांव एवं सौंसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं खैरीतायगांव में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में शामिल होकर उन्होंने हितग्राहियों एवं गणमान्य नागरिकों से भी मुलाकात की।

बिछुआ मंडल के ग्राम बड़ोसा स्थित राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह वरिष्ठ आदिवासी बालक छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भर भारत के विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और उनके सपनों को नई दिशा देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

दौरे के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। उन्होंने ग्राम साईखेड़ा में 5.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित नल-जल योजना का लोकार्पण किया। ग्राम एलकापार में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। वहीं खैरी में सामुदायिक भवन के अतिरिक्त निर्माण एवं सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा पारड़सिंगा में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा मोक्षधाम में निर्मित बाउंड्रीवॉल का लोकार्पण भी किया गया।

इस अवसर पर सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम सूर्य घर योजना और मुद्रा योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। कार्यक्रमों में पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Share News On

"सफलता" की पोशाक कभी तैयार नहीं मिलती, इसे बनाने के लिए"मेहनत" का हुनर चाहिये।