Home News Helpline Classified Jobs About Contact

सांसद कार्यालय के सामने पोस्टर लेकर मां-बेटी ने लगाई न्याय की गुहार

सांसद कार्यालय के सामने पोस्टर लेकर मां-बेटी ने लगाई न्याय की गुहार
छिंदवाड़ा
06-Aug-26
परासिया तहसील में भ्रष्टाचार और कार्रवाई में देरी के लगाए आरोप

दिल्ली से ही सांसद बंटी विवेक साहू ने की बात

घटना स्थल पहुंचकर अधिकारियों ने सुनी फरियाद

कार्रवाई के आश्वासन पर अनशन किया समाप्त

छिंदवाड़ा/परासिया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित जिलास्तरीय समाधान कार्यक्रम से एक दिन पहले परासिया तहसील के ग्राम बेलगांव की दो महिलाओं ने अपनी भूमि विवाद के मामले में न्याय की गुहार लगाई। महिलाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं सांसद विवेक बंटी साहू के नाम संबोधित पोस्टर लेकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।

बेलगांव निवासी मीना राय एवं उनकी पुत्री मनोरमा राय का आरोप है कि उनकी स्वामित्व की 3 एकड़ 33 डिसमिल कृषि भूमि पर कुछ भू-माफियाओं द्वारा अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। उनका कहना है कि उन्होंने इस संबंध में राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद भूमि का सीमांकन भी कराया गया, लेकिन सीमांकन के बावजूद पिछले लगभग पांच वर्षों से मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता की धारा 250 के तहत कार्रवाई नहीं की गई।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि परासिया तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त है तथा भू-माफियाओं को संरक्षण दिए जाने के कारण उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तहसील में कटमनी जैसी व्यवस्था के माध्यम से अवैध वसूली की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। महिलाओं ने मुख्यमंत्री और सांसद से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा उनकी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। 

दिल्ली से सांसद ने की महिलाओं से बात

सांसद कार्यालय के सामने पोस्टर के माध्यम से अपनी बात रखने वाली पीड़ित महिलाओं से सांसद बंटी विवेक साहू ने फोन पर बातचीत की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचाया। सांसद श्री साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत पर तुरंत निष्पक्ष जांचकर भू माफियाओं के विरूद्ध भी उचित कार्रवाई करें।

राजस्व अधिकारियों ने तुड़वाया अनशन

घटना के बारे में जानकारी लगते ही सिटी कोतवाली पुलिस, जिला प्रशासन से तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी और सांसद बंटी विवेक साहू के निज सचिव ने पीड़ित महिलाओं की बात सुनी और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही वे इस पर कार्रवाई करेंगे। तब जाकर महिलाओं ने अपना अनशन समाप्त किया।

Share News On