मुख्यमंत्री 7 अगस्त को छिंदवाड़ा से शुरू करेंगे जन-विश्वास अभियान
राजनीति
06-Aug-26
शिकायतों के निराकरण में प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान पर छिंदवाड़ा
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने समीक्षा पूर्व तैयारियों का लिया जायजा

छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त को छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न जनशिकायतों एवं आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की जाएगी। कार्यक्रम की समस्त कार्यवाही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संपादित की जा रही है।
प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी आम जनता से करेंगे सीधे संवाद
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य जनविश्वास, जनकल्याण हेतु क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जन संवाद के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग और लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय किया जाना है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार अधिकारियों द्वारा फील्ड भ्रमण कर आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शिकायतों के निराकरण में छिंदवाड़ा प्रदेश में अव्वल
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शिकायतों के निराकरण में छिंदवाड़ा जिला प्रदेश में अग्रणी बनकर उभरा है। अभियान के तहत प्रस्तावित 7 अगस्त के समाधान शिविर हेतु जिले में अब तक कुल 4 हजार 768 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, इस उपलब्धि के साथ अभियान अंतर्गत छिंदवाड़ा जिला शिकायतों के निराकरण में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। जिले में अभियान अंतर्गत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निराकरण में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, बिजली आपूर्ति एवं वोल्टेज संबंधी, एफआईआर दर्ज करने संबंधी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं/प्रारूप से संबंधित शिकायतों में सर्वाधिक कमी दर्ज की गई है।
जबलपुर संभाग में 22 हजार से अधिक सीएम हेल्पलाईन शिकायतों का निराकरण
जबलपुर संभाग में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत अब तक 22 हजार से अधिक सीएम हेल्पलाईन शिकायतों का निराकरण किया गया है। छिंदवाड़ा जिले में समाधान कार्यक्रम के दृष्टिगत संभागीय अधिकारियों द्वारा भी लगातार क्षेत्रीय भ्रमण एवं मॉनिटरिंग कर सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए विशेष प्रयास किये गये हैं। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत भी छिंदवाड़ा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। वर्तमान स्थिति में जिले में एक भी समय-सीमा बाह्य प्रकरण लंबित नहीं है।
संभागायुक्त और कलेक्टर ने बैठक में दिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण एवं समाधान कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आज संभागायुक्त जबलपुर धनंजय सिंह ने कलेक्टर हरेंद्र नारायन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार के साथ कार्यक्रम स्थलों एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था, हितग्राही प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागायुक्त ने सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण करने तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।