पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में मनी एनसीसी रैंक सेरेमनी
शिक्षा
06-Aug-26
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को नई रैंक प्रदान कर किया गया सम्मानित

छिन्दवाडा
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की रैंक सेरेमनी का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं समर्पण के आधार पर चयनित कैडेट्स को नई रैंक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा विभाग जबलपुर के अतिरिक्त संचालक डॉ.अल्केश चतुर्वेदी ने कैडेट्स को रैंक बैज पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, चरित्र निर्माण तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवपदोन्नत कैडेट्स से अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए अन्य कैडेट्स के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
समारोह में राहुल टेकाम को सीनियर अंडर ऑफिसर, जतिन बंदेवार, अनुज विश्वकर्मा एवं सुश्री ऋतिका भाकने को अंडर ऑफिसर, पीयूष डेहरिया को कंपनी क्वार्टर मास्टर सार्जेंट, अर्पित धुर्वे को सार्जेंट, शोभित चौरे को कॉर्पाेरल तथा सुश्री भूमि यादव को लांस कॉर्पाेरल की रैंक प्रदान की गई।
यह कार्यक्रम एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ.शेखर ब्रह्मने के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद, प्राध्यापकगण, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में नवपदोन्नत कैडेट्स ने अपने दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने तथा राष्ट्रसेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सदैव सर्वाेपरी रखने का संकल्प लिया। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।