Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जिला समन्वयक ने ली अमरवाड़ा में प्रस्फुटन शक्ति संचय बैठक

जिला समन्वयक ने ली अमरवाड़ा में प्रस्फुटन शक्ति संचय बैठक
छिंदवाड़ा
06-Aug-26
विभिन्न अभियानों के लिए बनाई गई कार्ययोजना

छिन्दवाडा

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की संवाद योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम का आयोजन आज जनपद पंचायत सभागार अमरवाड़ा में किया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में एसडीओपी श्रीमती कल्याणी बरकड़े मौजूद थीं।

बैठक में जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने समाज सेवा, नागरिक कर्तव्यों, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण, आगामी नवांकुर सखी हरियाली यात्रा, एक पेड़ मां के नाम अभियान सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। एसडीओपी श्रीमती कल्याणी बरकड़े ने नशा मुक्ति तथा साइबर फ्रॉड और फर्जी कॉल से बचाव के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग के सुभाष साहू ने महिला जागरूकता एवं सर्पदंश से बचाव के लिए गांव-गांव अभियान चलाने तथा सावधानियों की जानकारी देने पर बल दिया।

वन विभाग के अरुण डेहरिया ने पौधारोपण के साथ पुराने पेड़ों के संरक्षण की आवश्यकता बताते हुए पीपल, नीम और बरगद जैसे औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधे लगाने का सुझाव दिया। कार्यक्रम के अंत में तिरंगा अभियान, एक पेड़ मां के नाम, नवांकुर सखी हरियाली यात्रा, सर्पदंश जागरूकता, साइबर अपराध से बचाव तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
Share News On