Home News Helpline Classified Jobs About Contact

सभी शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों की होगी मानसिक काउंसलिंग

सभी शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों की होगी मानसिक काउंसलिंग
शिक्षा
27-Jul-26
सभी शैक्षणिक संस्था, हॉस्टल एवं कोचिंग संस्थाओं को पंजीयन कराना अनिवार्य

कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक

छिन्दवाडा

जिले के शैक्षणिक संस्थानों, हॉस्टल एवं कोचिंग संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक सोमवार को कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला स्तरीय निगरानी समिति हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इड़पाचे सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री नारायन ने समिति के सदस्यों से विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विषयों के समाधान के लिए विस्तृत चर्चा की एवं सुझाव उपरांत सर्वसम्मति से महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए। 

शिक्षा विभाग कों दी जिम्मेदारी

आगामी तीन माह के लिए कार्ययोजना तैयार कर जिले के शैक्षणिक संस्थानों, हॉस्टल एवं कोचिंग संस्थानों में मोटिवेशनल सेशन एवं विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर सत्र आयोजित किये जाएंगे। इसका दायित्व जिला शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा को सौंपा गया। ऐसे कोचिंग संस्थान जिनका अभी तक पंजीयन नहीं हुआ है, शीघ्र ही उनका पंजीयन कराया जायेगा। यह दायित्व भी जिला शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा को सौंपा गया है।

शैक्षणिक संस्थानों, हॉस्टल एवं कोचिंग संस्थाओं पर रखी जाएगी निगरानी

कलेक्टर श्री नारायन की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति (डीएलएमसी) के सदस्यों द्वारा भी समय-समय पर शिक्षण संस्थानों, हॉस्टल तथा कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा और मेंटल हेल्थ सेफगार्ड गाईडलाईन के पालन के लिए दिशा-निर्देश प्रदान किये जाएंगे।

समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अपने-अपने अनुभाग के अंतर्गत समय-समय पर शैक्षणिक संस्थानों, हॉस्टल एवं कोचिंग संस्थाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों से मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा करेंगे। सभी संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य पॉलिसी, काउंसलर, शिक्षक पालक योजना, शिकायत पेटी, शिकायत निवारण समिति, मानसिक स्वास्थ्य हेल्प लाईन नंबर नियमित काउंसलिंग सेशन सहित मेंटल हेल्थ सेफगार्ड के लिए जारी गाईड लाईन का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसका दायित्व सभी संस्थान प्रमुख को दिया गया है।

विद्यार्थियों की मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित काउंसलिंग नियमित होगी

सभी शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत, कोचिंग संस्थान से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एवं अन्य परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित काउंसलिंग, नियमित रूप से करने के निर्देश दिए गए है। इसके लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर इसकी जानकारी प्रतिमाह 05 तारीख को समिति के सचिव एवं प्राचार्य प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा की ईमेल- ीमहचहबीप/उच.हवअ.पद पर प्रेषित की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग करेगा स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन

मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या के समाधान के लिए विद्यार्थियों की काउंसलिंग की व्यवस्था मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. शरद मनोरे द्वारा की जाएगी। साथ ही सीएमएचओ छिंदवाड़ा द्वारा दल गठित कर शैक्षणिक संस्थाओं, हॉस्टल एवं कोचिंग संस्थान में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

Share News On