चालक कल्याण की बोर्ड को धरातल पर उतारने दिया ज्ञापन
छिंदवाड़ा
27-Sep-25
भारतीय प्राइवेट चालक परिचालक संघ हुआ सक्रिय
छिन्दवाड़ा
भारतीय प्राइवेट चालक परिचालक संघ छिन्दवाड़ा ने कलेक्टर को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन सौंपते समय राकेश श्रीवास्तव प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ,भारतीय मजदूर संघ ,निर्मल नागवंशी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष गिरीश बुनकर , उपाध्यक्ष दीपक साहनी, महामंत्री संतोष कहार, जितेश विश्वकर्मा तथा कार्यकारी के अन्य सदस्य व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन के माध्यम से यह मांग की गयी है कि म.प्र. के पूर्व मुुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा घोषित एवं गठित म.प्र.स्तरीय चालक/परिचालक कल्याण मंडल के गठन होने के बाद भी विधिवत रूप से इसमें घोषित योजनाओं के लाभ से प्रदेश के हजारों प्राइवेट एवं शासकीय संस्थाओं में कार्यरत चालक एवं परिचालक सुविधाओं से वंचित है । लगातार ज्ञापन /धरना प्रदर्शन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करवाने के बाद भी संतोषजनक परिणाम ना मिलने के कारण इस वर्ग में आक्रोश एवं असंतोष है।

भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के अन्तर्गत आने वाले कोल कंपनियों में कार्यरत चालक /परिचालकों को कोयला मंत्रालय के अन्तर्गत घोषित न्यूनतम वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है जबकि संघ के द्वारा लगातार यह मांग की जा रही है कि कोल उद्योग के लिये हाई पावर कमेटी के द्वारा अनुशंसित न्यूनतम वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जावें। वेतन भुगतान अधिनियम के अन्तर्गत निर्धारित वेतन भुगतान की तिथि के पश्चात् भी वेतन का भुगतान मनमाने ढंग से एवं अपनी सुविधा के अनुसार कोल माफिया के रूप में वर्णित ठेकेदारों के द्वारा किया जा रहा है। नियमानुसार वेतन भुगतान के पश्चात् हर नियोजित कामगार को वेतन पर्ची उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है परंतु प्रमुख नियोक्ता स्थानीय डब्ल्यू.सी.एल. पेंच कन्हान के संरक्षणा में ठेकेदारों द्वारा श्रमिक विधियों के प्रावधानों का उल्लंघन जारी है।
इसके पूर्व भी संघ द्वारा सहायक श्रम आयुक्त केन्द्रीय छिन्दवाड़ा के समक्ष एक हड़ताल के सूचना पत्र के माध्यम से ध्यानआकर्षित करवाया गया था परंतु स्थानीय प्रबंधन एवं ठेकेदारों की सांठ गांठ के फलस्वरूप औद्योगिक विवाद अधिनियम के अन्तर्गत सुस्थापित सुलह कार्यवाही को सकारात्मक निर्णय के बिना ही लीपापोती करके समाप्त कर दिया गया है इस ज्ञापन के माध्यम से एक बार पुनः म.प्र.शासन एवं डब्ल्यू.सी.एल.प्रबंधन को चेतावनी दी जाती है कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का हल नहीं हुआ बाध्य होकर संघ को आंदोलनात्मक कार्यवाही करने के लिये बाध्य होना पडे़गा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी डब्ल्यू.सी.एल. एवं म.प्र.शासन की होगी। ज्ञापन के सौंपने के पश्चात संघ के उपाध्यक्ष दीपक साहनी के द्वारा सभी उपस्थित कार्यकर्ताओ का अल्प सूचना उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने पर आभार व्यक्त किया गया ।