जिला न्यायालय परिसर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
छिंदवाड़ा
26-Nov-26
संविधान दिवस पर न्यायोत्सव के तहत निकाली गई बाइक रैली

छिन्दवाडा अपडेट
संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, छिंदवाड़ा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार ने जिला न्यायालय परिसर में संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। उपस्थित न्यायाधीशों एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर इसे दोहराया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।
न्यायोत्सव 2026 के तहत निकाली गई बाइक रैली
न्यायोत्सव 2026 एवं संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जनसामान्य को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बाइक रैली का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार ने जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर ईएलसी चौक, फव्वारा चौक, बस स्टैंड एवं पुलिस परेड ग्राउंड होते हुए जेल तिराहा, सत्कार तिराहा और कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। इसके बाद वापस एडीआर भवन, जिला न्यायालय परिसर में समाप्त हुई।
बाइक रैली में सामुदायिक मध्यस्थ, होमगार्ड के आपदा मित्र, अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलेंटियर, डिफेंस काउंसल, एनएसएस के छात्र, समाजसेवी, एनजीओ के सदस्य एवं जनसेवा मित्र कॉलेज के छात्र शामिल हुए। रैली के दौरान यातायात नियमों का विशेष ध्यान रखा गया। सभी प्रतिभागी वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं हेलमेट के साथ रैली में सम्मिलित हुए। आयोजन में यातायात पुलिस, होमगार्ड एवं नगर निगम का विशेष सहयोग रहा।
न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का समान अधिकार
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुशांत हुद्दार ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आम नागरिकों की आकांक्षाओं एवं अपेक्षाओं के अनुरूप समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनका क्रियान्वयन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तहसील विधिक सेवा समितियों के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता के माध्यम से पैरालीगल वॉलेंटियर, पैनल अधिवक्ता, सामुदायिक मध्यस्थ एवं डिफेंस काउंसल आम नागरिकों को सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इससे न्यायालय एवं आम नागरिकों के बीच की दूरी कम करने में मदद मिल रही है। बाइक रैली के माध्यम से जनसामान्य को यह संदेश दिया जा रहा है कि न्याय प्राप्त करना सभी का समान अधिकार है तथा प्रत्येक नागरिक को कानून एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश सुधीर मिश्रा, जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संकर्षण प्रसाद पाण्डेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विपेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य न्यायाधीशगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं न्यायालय के कर्मचारी तथा लीगल एड डिफेंस काउंसल उपस्थित थे।
27 नवंबर को आयोजित होगी विधिक योजनाओं की प्रदर्शनी
न्यायोत्सव 2026 के अंतर्गत 27 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल स्कूली बच्चों की ड्राइंग शीट भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित की जाएंगी।