Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

“मनुष्य जन्म से अभिनेता है” — वीणा मेहता

“मनुष्य जन्म से अभिनेता है” — वीणा मेहता
छिंदवाड़ा
28-Feb-26
रंगसंवाद में गूंजी अभिनय साधना की ध्वनि

छिंदवाड़ा

नाट्यगंगा रंगमंडल द्वारा 27 फ़रवरी की संध्या अमित एकेडमी में आयोजित रंगसंवाद में वरिष्ठ रंगकर्मी एवं अभिनय प्राध्यापक वीणा मेहता ने कलाकारों को अभिनय की मूल चेतना और साधना से परिचित कराया। कार्यक्रम में रंगमंडल के कलाकारों की सक्रिय सहभागिता रही। करीब 77 वर्ष की आयु में भी उनकी ऊर्जा और संवाद शैली ने प्रतिभागियों को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य जन्म से अभिनेता होता है, किंतु सामाजिक बंधन और झिझक उसकी सहज अभिव्यक्ति पर परतें चढ़ा देते हैं। एक सच्चे अभिनेता को उन कृत्रिम आवरणों को हटाकर स्वयं तक पहुँचना होता है।

रंगसंवाद के दौरान उन्होंने वॉइस एवं स्पीच में श्वास की भूमिका को व्यवहारिक अभ्यासों के माध्यम से स्पष्ट किया। शरीर को वाद्ययंत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि नियमित साधना के बिना उससे सुर नहीं निकलते। उन्होंने कलाकारों को प्रतिदिन अभ्यास करने की प्रेरणा दी तथा संगीत साधकों का उदाहरण देते हुए कहा कि मंचीय अवसर मिले या न मिले, रियाज़ कभी नहीं रुकना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि वीणा मेहता रंगमंच की प्रतिष्ठित हस्ती हैं। उन्होंने वर्षों तक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में अध्यापन किया है। उनके विद्यार्थियों में राजपाल यादव, यशपाल शर्मा, आशुतोष राणा, मुकेश तिवारी, आशीष विद्यार्थी जैसे कलाकार शामिल रहे हैं। मुंबई स्थित किशोर नमित कपूर एक्टिंग इंस्टीट्यूट में भी उन्होंने दीर्घकाल तक अध्यापन किया, जहाँ उनके शिष्यों में जॉन अब्राहम, ईशा देओल, अक्षय खन्ना जैसे नाम शामिल हैं।
उनका परिवार भी कला से गहराई से जुड़ा है। उनकी पुत्री पाखी टायरवाला फिल्म अभिनेत्री एवं लेखिका हैं तथा दामाद अब्बास टायरवाला सुप्रसिद्ध फिल्म लेखक एवं निर्देशक हैं।

छिंदवाड़ा से उनके आत्मीय संबंध ने इस रंगसंवाद को विशेष भावनात्मक आयाम दिया। वर्षों पूर्व वे शहर के एक प्रतिष्ठित परिवार में विवाहोपरांत बहू बनकर आई थीं। कार्यक्रम के समापन पर नाट्यगंगा रंगमंडल द्वारा उनका सम्मान किया गया। प्रतिभागियों ने इसे प्रेरणास्पद एवं मार्गदर्शक आयोजन बताया।
Share News On