लिव इन रिलेशनशिप में रह रही ममता को प्यार के बदले में मिली मौत
क्राइम
10-Jun-25
तीन दिन तक घर के अंदर सड़ता रहा शव
छिंदवाड़ा
आधुनिकता का चोला ओढ़कर सामाजिक रीति-रिवाजों और परंपराओं को दरकिनार करने वालों का क्या हश्र होता है इसका जीता जागता उदाहरण बन गई है जिले के बड़कुही क्षेत्र की घटना। परिवार और समाज की सारी नैतिकता को त्याग कर बड़कुही में अपने देवर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही ममता को प्यार के बदले में मिली मौत। फिलहाल मामला पुलिस में है और संदिग्ध आरोपी फरार है।
बड़कुही टेक मोहल्ला में आज एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे जिले में सनसनी फैला दी। यहां रहने वाली 45 वर्षीय ममता कठौते का सड़ागला शव उसके ही घर में मिला। खबर है कि मृतका ममता कठौते अपने ही देवर के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही थी। उसकी हत्या तीन दिन पहले ही हो चुकी थी। आसपास के निवासियों को जब शव के सड़ने के कारण बदबू आने लगी तो मृतका की ननद जो पास में ही रहती थी, उसने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर जब पुलिस पहुंची तो उसने देखा की मृतका का शरीर पलंग पर पड़ा था। उसके सिर को बुरी तरह से कुचला गया था जिसके कारण उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। गले में फंदा डाला गया था और शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई थी। हत्या का शक मृतका के देवर जुंगी पर है जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने फॉरेसिंक साइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। शव का पोस्टमार्टम किया गया है।
बेटी की हो चुकी है शादी, बेटा नागपुर में करता है काम
बड़कुही के टेक मोहल्ले में किराए के मकान में रहने वाली ममता कठौते के पति के देहांत के बाद वह अपने देवर जुंगी और ननद के साथ रहती थी। मोहल्ले वालों ने बताया कि वह शांत स्वभाव की थी और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखती थी। उसकी एक बेटी थी जिसकी शादी हो चुकी है और एक बेटा है जो नागपुर में काम करता है। जुंगी और मृतका के रिश्तों को लेकर क्षेत्र में कई तरह की बातें होती रहती थी।