Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जून की गर्मी ने किया हलाकान, प्री मानसून का इंतजार

जून की गर्मी ने किया हलाकान, प्री मानसून का इंतजार
छिंदवाड़ा
10-Jun-25
उमस से लोग हुए परेशान, उल्टी, बुखार-दस्त ने भी घेरा
छिंदवाड़ा
सामान्यत: नौतपा के बाद आसमान में प्री मानसून के बादल छाने, तेज हवाओं के झोंके और हल्की-फुल्की बारिश से लोगों को गर्मी की तपिश से राहत मिल जाती है लेकिन वर्ष 2025 में नौ तपा तो तपा ही नहीं बल्कि उन दिनों आसमान में बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश ने लोगों को आश्चर्य में डाल दिया। वातावरण में ठंडक आने से लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन 8 जून से एक बार फिर गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए जिससे लोग हलाकान  हो रहे हैं। 9 और 10 जून को पारा लगभग 40 से 41 डिग्री के आसपास रहा जिससे लोग गर्मी से परेशान हो गए। हालात यह हो गए हैं कि घरों के अंदर चलने वाले पंखे और कूलर भी राहत नहीं दे रहे हैं।
उल्टी-दस्त और बुखारे के मरीज बढ़े
मौसम में आए अचानक बदलाव का असर आम नागरिकों पर दिखाई दे रहा है। ऐसे मौसम के कारण लोगों में मौसमी बीमारी पैर पसार रही है। लोग उल्टी-दस्त और बुखार से परेशान हो रहे हैं। जिला अस्पताल से लेकर गली-मोहल्लों में चलने वाली क्लीनिकों में बुखार के मरीजों की अच्छी खासी संख्या देखी जा सकती है।
शुक्रवार-शनिवार को मिल सकती है राहत
मिली जानकारी के अनुसार 10 जून के बाद अगले दो दिन लोगों को गर्मी की तपिश से राहत मिल सकती है। इन दिनों में आसमान में बादल छाने से उमस भरा माहौल रहेगा लेकिन गर्मी की तपन से राहत रहेगी। अनुमान जताया जा  रहा हे कि शुक्रवार-शनिवार  को तेज हवाएं चलेंगी और हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में भी भारी गिरावट आने की संभावना है। 33 से 30 डिग्री तक तापमान रह सकता है।
Share News On