Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने शिक्षक पात्रता परीक्षा का किया विरोध

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने शिक्षक पात्रता परीक्षा का किया विरोध
छिंदवाड़ा
06-Apr-26
विधानसभा में मुद्दा उठाने जनप्रतिनिधियों को सौंपा दिया ज्ञापन

छिन्दवाड़ा

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के निर्देशन में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की प्रांतीय इकाई के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, जिला छिन्दवाड़ा द्वारा शिक्षक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया ।

इसी क्रम में सांसद विवेक बंटी साहू को ज्ञापन सौंपकर उनसे अनुरोध किया गया कि वे शिक्षक पात्रता परीक्षा से संबंधित समस्याओं एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णय के संदर्भ में शिक्षकों के हितों की रक्षा हेतु उचित मंच पर विषय को प्रमुखता से उठाएं। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक कमलनाथ को भी ज्ञापन प्रेषित कर इस विषय में आवश्यक हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल क्रमशः चौरई विधायक सुजीत चौधरी, परासिया विधायक सोहनलाल बाल्मीकि, जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके तथा अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह को भी स्थानीय इकाइयों के माध्यम से ज्ञापन सौंपेगा । सभी जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया जाएगा कि वे शिक्षक वर्ग की समस्याओं को विधानसभा एवं अन्य उपयुक्त मंचों पर प्रभावी रूप से उठाएं ।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हालिया परिस्थितियों से प्रदेश के बड़ी संख्या में शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उनके सेवा, सुरक्षा एवं भविष्य को लेकर चिंता उत्पन्न हो रही है। अतः जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई है कि वे इस विषय में सकारात्मक पहल करते हुए शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ प्रांतीय इकाई ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शिक्षक हितों की रक्षा हेतु सार्थक समाधान निकाला जा सकेगा ।
Share News On