कांग्रेस ने केन्द्र व राज्य की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बोला हल्ला
छिंदवाड़ा
06-Apr-26
मोहखेड़ ब्लॉक के बस स्टैंड पर दिया धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
छिन्दवाड़ा
मोहखेड़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मोहखेड़ बस स्टैंड पर धरना दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण सरकार पर जमकर बरसे, उन्होंने नीतियों का खुलकर विरोध किया और समाज के हर वर्ग की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाते हुए उनके निराकरण हेतु अविलम्ब ठोस कदम उठाने की मांग का ज्ञापन राज्यपाल के नाम तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को सौंपा। रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सम्पूर्ण मार्ग में भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदेश व जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मोहखेड़ के तत्वावधान में आयोजित धरना प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि भाजपा की सरकार के झूठ धीरे-धीरे ही सही किन्तु जनता के सामने आ रहे हैं। इस सरकार ने समाज के हर वर्ग को ठगा है। किसानों को मक्का उपज का समर्थन मूल्य नहीं दिया। युवाओं को रोजगार का वादा किया था वह आज तक पूरा नहीं हुआ, 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा झूठा साबित हुआ। उन्होंने कहा कि माननीय कमलनाथ जी एवं माननीय नकुलनाथ जी के कार्यकाल में जनता कभी इतनी त्रस्त और परेशान नहीं रही जितनी आज है। उन्होंने कहा कि यह बात समझने वाली है कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ही नहीं बल्कि जिले की बिगड़ती हुई फिजा भी चिंता का विषय है।
आयोजित धरना प्रदर्शन में उपस्थित कांग्रेसजन व आमजन को सम्बोधित करते हुए पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार गुमराह करने में माहिर है। जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही, लेकिन सरकार किसी और मुद्दे पर बात करेगी, क्योंकि यह सरकार मुख्य विषयों पर बात नहीं करती। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश और देश के हालात आप सभी के सामने हैं। बढ़ती हुई महंगाई से आर्थिक तंगी का शिकार हो रहे हैं।
सौंसर विधायक विजय चौरे ने कहा कि भाजपा के लोग सत्ता के घमंड में है। खाद की कालाबाजारी से लेकर हर अवैध कारोबार में भाजपा के लोग शामिल है। इनकी कालाबाजारी के चलते जनता को कमी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा की सरकार और भाजपा के लोगों पर भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि इनकी जुबान हर पल में बदलती है। इनकी जुबान पर झूठ बसा हुआ है। जनता देख रही कि भाजपा के राज में भ्रष्टाचार, अपराध और कालाबाजारी चरम पर है। अपराध और अपराधी बेलगाम है।
आयोजित धरना प्रदर्शन को मोहखेड़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रघुवीर मोहने व किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।
आयोजित धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन में विजय गावंडे, गुलाब चौधरी, कमलाकर ठाकरे, पूनाराम चौरिया, अशोक फरकारे, लखीचंद पवार, अनिरूद्ध टेकड़े, फैय्याज खान, सूरज सोनघरे, रसीद खान, श्मीम खान, महेश बनवारी, पप्पू शर्मा, मिलिन घोघरे, माया इंगले, कैलाश डोंगरे, मनोज कड़वे व शैलेश भादे सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ, मोर्चा संगठन व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।