भाजपा की सरकार में भर्ती घोटले का गढ़ बन गया मप्र: कांग्रेस
राजनीति
26-Aug-26
छिन्दवाड़ा

भाजपा की सरकार में शासकीय भर्तियों में हुए और वर्तमान में हो रहे घोटालों से मप्र की पहचान हो रही है। शिक्षित युवा मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है। लम्बे अंतराल के उपरांत शासकीय क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलते हैं, किन्तु वे भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं। भारी भरकम फीस जमा करना और कड़ी मेहनत के साथ वर्षों की तैयारी के बावजूद भी युवाओं के हाथ सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटालों की वजह से खाली रह रहे हैं। सत्तासीन सिर्फ आश्वासन तक सीमित है, जबकि युवा पीढ़ी परिणाम चाहती है। उक्त उदगार कांग्रेस के संगठन महासचिव श्री गुरूचरण खरे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भाजपा सरकार की अनीति पर व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि घोटालों के साथ ही वर्तमान में पेपर लीक, शासकीय पदों पर हुई भर्ती परीक्षाओं में घोटालों ने सतत रूप से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे युवाओं का मनोबल तोड़ दिया है। कागजों में रोजगार बांटने वाली भाजपा सरकार में जमीनी स्तर पर बेरोजगारी युवाओं के लिए सबसे बुरे दिन साबित हो रहे। व्यापम घोटाले से शुरू हुई कहानी का अंतिम अध्याय आज तक नहीं आया। पटवारी भर्ती घोटाला, पुलिस आरक्षक भर्ती घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला और फर्जी डिग्री विवाद, आजीविका मिशन भर्ती में गड़बडियां और नर्सिंग कॉलेज एवं भर्ती घोटाले में युवाओं की जेब खाली हुई है।