मप्र बिजली कर्मचारी महासंघ का धरना आंदोलन आज
छिंदवाड़ा
01-Apr-26
छिन्दवाड़ा
म.प्र.बिजली कर्मचारी महासंघ सम्बद्ध भारतीय मजदूर संघ एवं अखिल भारतीय विद्युत महासंघ के द्वारा विभिन्न श्रेणी के कार्यरत कर्मचारियों की लंबित 11 सूत्रीय मुख्य मांगों को लेकर प्रदेश व्यापी चरणबद्ध आंदोलन का प्रारंभ किया गया है। आंदोलन के दो चरणों के सफलतापूर्वक आयोजन के पश्चात् 2 अपै्रल को कंपनी मुख्यालय वृत्त कार्यालय प्रशासनिक भवन रानी दुर्गावती चौक खजरी रोड़ छिन्दवाड़ा में दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक धरना प्रदर्शन आयोजित है। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि समय रहते मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को शेष रहे चरणों में तीव्र किया जायेगा।

महासंघ के प्रदेश महामंत्री सुशील पांडे ने सभी कामगारों से इस धरना प्रदर्शन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। पूर्व क्षेत्र बिजली कर्मचारी संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता देवीप्रसाद झाराने ने बताया कि संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जावे ,आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिये उत्तर उत्तरप्रदेश सरकार अथवा हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गयी नीति का अनुसरण करते हुये ठोस कार्यवाही की जाए। साथ ही नियमित कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों का शीघ्र समाधान किया जाए। तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिये गृह जिला स्थानांतरण नीति लागू करने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाए।
2 अप्रैल धरना प्रदर्शन के बाद आगामी 16 अप्रैल को राजधानी में विशाल प्रदर्शन किया जायेगा। एवं 5 वें चरण में मांगोें के निराकरण ना होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिये कर्मचारी बाध्य होंगे। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं विद्युत सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिये किया जा रहा है। उन्होंने शासन प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की हैं।
भारतीय मजदूर संघ जिलासमिति के अध्यक्ष अर्जुुन भारती ,जिला मंत्री अजय पाल ने भारतीय मजदूर संघ के सभी आनुषांगिक संगठन के पदाधिकारिेयों बिजली कर्मचारी महासंघ के इस आंदोलन को सफल बनाने हेतु सहयोग देने की अपील की हैं। विशेषकर आउटसोर्स कर्मचारी, संविदा कर्मचारी, अनुकंपा नियुक्ति के संघर्षरत परिवार तथा मीटर वाचक संघ के अध्यक्ष उमेश दुबे, अंबर साहू ने सभी कार्यकर्ता विशेष रूप से शामिल होने की अपील की हैं।