भाजपा के इशारों पर निगम में चल रही लूट: मांगो
छिंदवाड़ा
27-Sep-25
जनता से बढ़ा हुआ टैक्स वसूलकर घोटाला कर किसकी भरी जा रही जेब
छिन्दवाड़ा
भाजपा की सरकार घोटालों व भ्रष्टाचार की सरकार बनकर रह गई हैं, जिसमें जनता से टैक्स के नाम पर लूट की जा रही और उस राशि पर भाजपा नेताओं के इशारों पर निगम में घोटाले हो रहे। भाजपा शासित निगम घोटाले का गढ़ बन चुका है। निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मांगो ने निगम में सतत रूप से हो रहे घोटालों पर उक्त उदगार जारी प्रेस विज्ञप्ति में व्यक्त किए।

श्री सोनू मांगो ने आगे कहा कि नगर निगम में लगातार घोटाले हो रहे है, लेकिन आपसी बंदरबांट और कई बड़े चेहरों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने पर हर घोटाले को दबाने की नाकाम कोशिश की जा रही। निगम में भाजपा की शहर सरकार ने अप्रैल 2025 में अपनी हठधर्मिता का परिचय देते हुए कांग्रेस के पुरजोर विरोध के बाद भी जनता पर तीन काले कानून थोपे। जनता पर बढ़ा हुआ टैक्स थोपा और उस राशि की वसूली के बाद निगम में राजस्व वसूली का गबन कांड सामने आया है। इस गबन कांड में जांच के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। मुख्य सरगना का चेहरा अभी भी छिपा हुआ है जिसका उजागर होना नितांत आवश्यक है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अंत में श्री मांगो ने कहा कि यह महज संयोग नहीं बल्कि सोचा समझा षड्यंत्र है कि निगम में टैक्स जब बढ़ाया गया तब से ही राजस्व वसूली काउंटर से सैकड़ों नागरिकों द्वारा जमा की गई टैक्स की राशि का गबन किया गया। इस घोटाले से किस किस के तार जुड़े है। भाजपा के किस नेता के इशारों पर गबन हुआ और गबन की राशि का हिस्सा किन-किन लोगों तक पहुंची। इस मामले की अन्य विभाग के अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराना चाहिए। ताकि पूरे दोषी सामने आ सके।श्री मागों ने कहा कि चोरी पकड़े जाने पर महज संबंधित कर्मचारी ही दोषी है, या फिर कोई और इनका सरगना है।यह सार्वजनिक होना चाहिए।