Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

ऊंटखाना खेड़ापति मंदिर में भव्य सामूहिक सुहागले पूजा का आयोजन

ऊंटखाना खेड़ापति मंदिर में भव्य सामूहिक सुहागले पूजा का आयोजन
छिंदवाड़ा
27-Sep-25
छिंदवाड़ा

ऊंटखाना महिला मंडल द्वारा परंपरा और आस्था से ओतप्रोत सामूहिक सुहागले पूजा का आयोजन खेड़ापति मंदिर परिसर में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक अवसर पर ऊंटखाना क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएँ माँ दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुईं और पारंपरिक रीति-विधि से सामूहिक सुहागले का आयोजन किया।

पूजा कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और श्रृंगार के साथ माँ दुर्गा की आराधना की। पूरे माहौल में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। देवी गीतों की मधुर स्वर लहरियों और गरबा नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिक और उल्लासमय बना दिया। पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व श्रीमती निशा रोहन सूर्यवंशी एवं स्मृति सूर्यवंशी, पूनम सूर्यवंशी ,चंचल सूर्यवंशी के सहयोग से सम्पन्न किया गया, जिनके मार्गदर्शन और संयोजन में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

पूजा उपरांत देवी सुहागले का समापन सामूहिक गरबा एवं देवी भजन के साथ किया गया। इस दौरान माता रानी के जयकारों से मंदिर प्रांगण गुंजायमान हो उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। समापन के बाद उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को मंगलकामनाएँ दीं और समाज में आपसी एकता, सुख-समृद्धि एवं वैवाहिक सौभाग्य की प्रार्थना की।

इस अवसर पर ऊंटखाना महिला मंडल, छिंदवाड़ा की सभी सदस्याएँ सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं और आयोजन को सफल बनाने में अपना विशेष योगदान दिया। ऐसे धार्मिक आयोजनों से न केवल समाज में आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रसार होता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी भारतीय परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
Share News On