मैहर धार्मिक पदयात्रा को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ने सांसद को भेजा पत्र
देश
16-Jul-26
छिंदवाड़ा

सांसद बंटी विवेक साहू की छिंदवाड़ा से मैहर यात्रा में एक और उपलब्धि उस समय जुड़ गई जब उन्हें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी शुभकामना संदेश भेजा। पत्र में उन्होंने लिखा कि यह जानकर प्रसन्नता हुई कि आप अपने संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा से माँ शारदा सिद्धपीठ धाम मैहर तक लगभग 375 किलोमीटर की धार्मिक पदयात्रा कर रहे हैं। माँ शारदा सिद्धपीठ मैहर भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, श्रद्धा और शक्ति का एक दिव्य तीर्थ है। ज्ञान, शक्ति और साधना की अधिष्ठात्री माँ शारदा के पावन धाम तक की यह पदयात्रा केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि आत्मसंयम, सेवा, समर्पण और लोकमंगल की भारतीय परंपरा का भी सशक्त प्रतीक है।
उन्होंने लिखा है कि ऐसे आध्यात्मिक संकल्प व्यक्ति के अंतर्मन को ऊर्जा प्रदान करने के साथ समाज में सकारात्मक चेतना और लोकहित की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। जनकल्याण, राष्ट्र की समृद्धि तथा अपने संसदीय क्षेत्र के नागरिकों के सुख, शांति और समृद्ध जीवन की मंगल कामना के साथ आपका यह संकल्प निःसंदेह सराहनीय है। उन्होंने लिखा है कि मैं माँ शारदा से प्रार्थना करता हूँ कि उनकी असीम कृपा एवं आशीर्वाद आप पर सदैव बना रहे। आपकी यह पदयात्रा सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो तथा आपको जनसेवा, लोककल्याण और राष्ट्रनिर्माण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति, आत्मबल एवं प्रेरणा प्रदान करती रहे।
सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को धार्मिक पदयात्रा की सफलता और शुभकामनाओं के लिए पत्र भेजने पर उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि मुझे उम्मीद है कि भविष्य में भी उनका इसी तरह का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त होता रहेगा, जिससे उन्हें भविष्य में भी अपने लोकसभा क्षेत्र सहित प्रदेश और देश की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए इसी तरह के धार्मिक पदयात्रा करने के लिए ऊर्जा मिलती रहेगी।