Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने दिए तामिया, परासिया और जुन्नारदेव बीआरसी को कारण बताओ नोटिस

कलेक्टर ने दिए तामिया, परासिया और जुन्नारदेव बीआरसी को कारण बताओ नोटिस
शिक्षा
16-Jul-26
कलेक्टर ने ली स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा बैठक

छिन्दवाडा 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग, समग्र शिक्षा अभियान और सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित शैक्षणिक संस्थाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों से विकासखंडवार जानकारी प्राप्त की। बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के नामांकन, विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विद्यालयों की आधारभूत व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कलेक्टर ने दिए तामिया, परासिया और जुन्नारदेव बीआरसी को कारण बताओ नोटिस 

बैठक में छात्रों की अपार आईडी एंट्री की भी समीक्षा की गई। इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर तामिया, परासिया और जुन्नारदेव के बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालय निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत अपार एंट्री पूर्ण करें। समीक्षा बैठक में लैपटॉप वितरण योजना, ई-स्कूटी योजना, खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण विद्यालय भवनों की स्थिति तथा उनके सुधार एवं मरम्मत कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री नारायन  ने समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला परियोजना समन्वयक ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026 - 27 में जीर्ण शीर्ण भवनों के विरुद्ध 13 नवीन भवन एवं 20 शालाओं में मरम्मत कार्य की स्वीकृति विगत सप्ताह राज्य शिक्षा केंद्र से प्राप्त हुई है। आगामी कार्यवाही की जा रही है।

सभी कक्षाओं के शत-प्रतिशत इनरोलमेंट पर दिया जोर

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कक्षाओं में शत-प्रतिशत एनरोलमेंट सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे। उन्होंने प्रवेश अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने  विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों एवं साइकिलों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सर्पदंश से बचाने विद्यार्थियों को करें जागरूक

कलेक्टर श्री नारायन  ने स्कूल एवं छात्रावास के विद्यार्थियों को स्नेक बाइट प्रिवेंशन (सर्पदंश से बचाव) के संबंध में जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों में बच्चों को सर्पदंश से बचाव के उपाय, बरसात के मौसम में बरती जाने वाली सावधानियां तथा सर्पदंश की स्थिति में तत्काल अपनाई जाने वाली प्राथमिक जानकारी अनिवार्य रूप दे दी जाए।

जनजातीय विद्यार्थियों ने खेलों में लहराया परचम 

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 - 26 में छिंदवाड़ा जिले के जनजातीय ब्लॉक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में अभूतपूर्व सफलता दर्ज कराई है।  इनमें से 15 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर और 188 खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर सहभागिता कर जिले को गौरवान्वित किया है।

Share News On