Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन को रेस्टोरेशन कार्य पूर्णता के लिए 10 दिन का समय

लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन को रेस्टोरेशन कार्य पूर्णता के लिए 10 दिन का समय
छिंदवाड़ा
09-Feb-26
कलेक्टर ने की समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा, उसके बाद संयुक्त टीम करेगी भौतिक सत्यापन

छिंदवाड़ा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिये कि मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाएं कल से प्रारंभ हो रही हैं, सभी एसडीएम, अपने क्षेत्रों में कलेक्टर प्रतिनिधियों के रूप में नियुक्त अधिकारियों को दिशा - निर्देश दोहरा दें। परीक्षा सामग्री की थाने से निकासी और परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में पूरी सावधानी बरती जाए। आदेश जारी करने के बाद भी लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने वाले केंद्राध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। सभी निरीक्षण दल, परीक्षा के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहकर परीक्षा केंद्रों पर आकस्मिक निगरानी रखें एवं अनुचित साधनों की शत - प्रतिशत रोकथाम सुनिश्चित करते हुए फेयर एग्जाम संचालन सुनिश्चित कराएं।

लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन को 10 दिनों का समय

छिंदवाड़ा शहर में लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किए जा रहे रेस्टोरेशन कार्य को पूरा करने के लिए कलेक्टर श्री नारायन ने ठेकेदार की मांग पर 10 दिन का और समय दिया है। जिसके बाद 20 फरवरी को आयुक्त नगर निगम, एसडीएम छिंदवाड़ा और शिकायत शाखा प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर द्वारा संयुक्त निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन कर इस संबंध में कलेक्टर को अपना प्रतिवेदन दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि लगातार मिल रही शिकायतों के चलते कलेक्टर श्री नारायन द्वारा इस प्रकरण की प्रत्येक समय सीमा की बैठक में समीक्षा की जा रही है। परिणाम स्वरूप कई स्थानों पर सुधार कार्य करा दिया गया है, शेष कार्य भी शीघ्र पूरा करने के लिए यह समय दिया गया है।

संकल्प से समाधान में न छूटे कोई भी पात्र 

कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदाय करने के लिए प्रदेश में 12 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है। छिंदवाड़ा जिला अभियान के प्रथम चरण के क्रियान्वन में वर्तमान में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, सभी जिला अधिकारी इसे बनाए रखें। इस अभियान के दौरान सभी पात्र हितग्राही कवर हो जाने चाहिए, कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

अब हर टीएल में नापतौल के कार्यों की भी होगी समीक्षा 

विभिन्न सामग्रियों के, दर्ज एमआरपी से ऊपर की कीमत में विक्रय को लेकर आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने इसे समय सीमा की बैठक के लिए चिन्हांकित किया और नापतौल विभाग के अधिकारी को इसकी जांच कर संबंधितों पर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। अब आगामी टीएल बैठकों में नापतौल विभाग द्वारा प्रति सप्ताह किए गए कार्यों की भी अलग से समीक्षा की जाएगी।

अवैध उत्खनन पर कड़ी निगरानी के निर्देश

इसी तरह उन्होंने जिला खनिज अधिकारी को राजस्व विभाग के अमले से समन्वय करते हुए लोहांगी नदी, छाबड़ी कला, कुलबेहरा, कन्हान नदी सहित अन्य ऐसे सभी क्षेत्र, जहां से अवैध उत्खनन की शिकायतें आ रही हैं, उन पर लगातार कड़ी नज़र रखने और कार्ययोजना के साथ प्रति सप्ताह कार्यवाही करते हुए टीएल बैठक में क्षेत्रवार रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। अब फूड सेफ्टी टीम द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की साप्ताहिक समीक्षा भी हर टीएल बैठक में की जाएगी।

जिला अस्पताल के फायर सेफ्टी सिस्टम और मेडिकल वेस्ट पर जताई नाराजगी

जिला अस्पताल के फायर सेफ्टी सिस्टम को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने की कार्यवाही की जाए। कलेक्टर श्री नारायन ने यह संज्ञान में आने पर, कि एजेंसी द्वारा लगभग एक सप्ताह से जिला अस्पताल से बायो मेडिकल वेस्ट का उठाव नहीं किया है, कड़ी नाराजगी जताई और एजेंसी प्रभारी अथवा उसके प्रतिनिधि को यथाशीघ्र कलेक्टर के समक्ष में उपस्थित कराने के निर्देश दिये। अन्यथा की स्थिति में पब्लिक हेल्थ सेफ्टी से खिलवाड़ करने पर एफ.आई.आर दर्ज कराने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पब्लिक हेल्थ सेफ्टी से इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सिविल सर्जन से जिला अस्पताल में डॉक्टर्स की समय पर उपस्थिति के संबंध में फीडबैक लिया, जिसमें संतोषजनक स्थिति सामने निकल कर आई। उन्होंने जनहित में आगे भी इस पर पूरी मॉनिटरिंग रखने और जिला अस्पताल की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।

समय सीमा प्रकरणों में अन्य निर्देश 

समय सीमा के अन्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि उप संचालक उद्यानिकी पीएमएफएमई योजना में प्रगति के लिये बैंकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कराएं।  बैठक में कलेक्टर श्री नारायन ने विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की और शीघ्र निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा - निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीएम हेल्प लाइन, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री निवास, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से संबंधित लंबित मामलों की भी गहन समीक्षा की। कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त कोई भी पत्र निरुत्तर नहीं रहना चाहिए। सभी में एक सप्ताह के अंदर जवाब चले जाएं। कोर्ट के अवमानना प्रकरणों में भी सभी में जवाब लगाना सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, नगर निगम आयुक्त सी. पी.राय सहित जिला प्रशासन के सभी अधिकारी एवं सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। अन्य सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े थे।
Share News On

"सफलता" की पोशाक कभी तैयार नहीं मिलती, इसे बनाने के लिए"मेहनत" का हुनर चाहिये।