कांग्रेस ने कहा महादेव मेले में जाने वाले भक्तों से हो रही लूट पर लगे विराम
छिंदवाड़ा
11-Feb-26
निर्धारित किराया से अधिक वसूल रहे बस ऑपरेटर
छिन्दवाड़ा
आस्था..विश्वास और भक्ति का महासंगम है महादेव मेला, छिन्दवाड़ा..पांढुर्ना जिला ही नहीं बल्कि आस-पास के अन्य जिलों के साथ ही अन्य प्रदेशों से भी मेले में लाखों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं। महाराष्ट्र राज्य के अलावा पड़ोसी जिले के श्रद्धालु भक्त जन छिन्दवाड़ा से होकर निकलते हैं। आस्था में अवसर को तलाशा जा रहा है। बस ऑपरेटर भक्तों से मनमाना किराया वसूल रहे, जो कि पूर्णतः नियमों के खिलाफ है। सुरेश कपाले ने अधिक किराया वसूले जाने का विरोध करते हुए इस पर तत्काल विराम लगाने की मांग की है।

जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री कपाले ने कहा कि छिन्दवाड़ा से भूरा भगत की दूरी 84 किमी है। नियमानुसार यहां तक का बस किराया 104 रुपए होना चाहिए, किन्तु बस ऑपरेटर यात्रियों से 300 से भी अधिक वसूल रहे। छिन्दवाड़ा से पचमढ़ी के लिए निर्धारित किराया 175 रुपए है, लेकिन बस ऑपरेटर 400 रुपए तक वसूल रहे, जो दोगुना से भी अधिक है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यह यात्रियों से खुली लूट है जो पुलिस और आरटीओ की निगरानी में हो रही, लेकिन यात्रियों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए कोई बोलने व टोकने वाला नहीं है। उन्होंने परिवहन विभाग से मांग की है कि सम्पूर्ण मेले के दौरान सभी यात्री बसों में किराया सूची चस्पा होनी चाहिए ताकि यात्रियों को इसकी पूरी जानकारी यात्रियों को रहे। जिन बसों में किराया सूची नहीं है लगाई जाती उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
बस स्टैंड पर सम्पूर्ण सुविधाएं बहाल करे
उन्होंने कहा कि स्थानीय बस स्टैंड पर तत्काल सम्पूर्ण सुविधाएं बहाल की जाए। वर्तमान में मानसरोवर कॉम्प्लेक्स सहित राजीव गांधी बस स्टैंड पर असुविधाओं से यात्री बेहाल है। चारों ओर गंदगी का अम्बार लगा हुआ है। पानी के लिए साफ पानी की व्यवस्था नहीं है, सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी नहीं है। वर्तमान में बस स्टैंड पर बढ़ी हुई यात्री संख्या को देखते हुए स्थाई तौर पर पुलिस बल नियुक्त किया जाए साथ ही एक चिकित्सक की नियुक्ति भी हो ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की स्वस्थ्य सम्बधी असुविधा होने पर प्राथमिक इलाज प्राप्त हो सके।