Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा से पचमढ़ी नियमित बस सेवा नहीं होने से पर्यटकों में निराशा

छिंदवाड़ा से पचमढ़ी नियमित बस सेवा नहीं होने से पर्यटकों में निराशा
छिंदवाड़ा
12-Jul-25
मात्र 135 किमी दूरी फिर भी वाहन के लिए परेशान होते हैं यात्रीगण

छिंदवाड़ा

यह वास्तव में अत्यंत आश्चर्यजनक है कि छिन्दवाड़ा जैसे महत्वपूर्ण नगर से देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी के लिए कोई सीधी नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं है। पचमढ़ी, जो मध्यप्रदेश के होशंगाबाद (अब नर्मदापुरम) जिले में स्थित है, छिन्दवाड़ा से मात्र 135 किलोमीटर की दूरी पर है। यह प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व के कारण देशभर के पर्यटकों को आकर्षित करता है।

छिन्दवाड़ा से होकर प्रतिदिन इन्दौर, भोपाल, पिपरिया आदि के लिए कई बसें निकलती हैं, जिनका मार्ग मटकुली होकर जाता है। मटकुली से पचमढ़ी की दूरी केवल 30 किलोमीटर है। ऐसे में यह अत्यंत खेदजनक है कि छिन्दवाड़ा से पचमढ़ी के लिए कोई सीधी बस नहीं चलती, जबकि भौगोलिक और यातायात की दृष्टि से यह मार्ग सहज और व्यावहारिक है।


छिन्दवाड़ा बस स्टैंड पर पचमढ़ी के लिए बस सेवा की जानकारी ली, तो यह ज्ञात हुआ कि ना तो सुबह और ना ही शाम को कोई बस उपलब्ध है। जबकि पचमढ़ी में वर्ष भर धार्मिक आयोजन और मेले होते रहते हैं दृ जैसे भूराभगत मेले, नागपंचमी, शिवरात्रि आदि। इन अवसरों पर छिन्दवाड़ा से प्रति 15 मिनट में एक बस चलाई जाती है। इसका सीधा अर्थ है कि मांग स्पष्ट रूप से मौजूद है। फिर भी आम दिनों में एक भी बस का न चलना आश्चर्यजनक ही नहीं, बल्कि जन-हित के विरुद्ध भी है।

सरकार और परिवहन विभाग को इस दिशा में गंभीरता से विचार करना चाहिए। सामान्य दिनों में भी छिन्दवाड़ा से पचमढ़ी के लिए सुबह और शाम की नियमित बस सेवा प्रारंभ की जानी चाहिए, जिससे पर्यटकों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सहूलियत मिल सके। यह मांग सिर्फ एक यातायात सुविधा की नहीं, बल्कि पर्यटन को प्रोत्साहन, स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास की दिशा में एक आवश्यक कदम होगा।
Share News On