किसान कांग्रेस ने हर्रई में किया धरना-प्रदर्शन
छिंदवाड़ा
21-May-26
राजनैतिक दुर्भावना के साथ की जा रही कार्रवाइयां तत्काल बंद की जाए
छिन्दवाड़ा
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं किसान कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में दूरस्थ आदिवासी अंचल हर्रई में किसानों और नागरिकों का धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। आयोजित धरना प्रदर्शन में भाजपा सरकार के द्वारा जनता पर थोपी जा रही महंगाई, भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही के चलते नागरिकों को हो रही परेशानियों पर सरकार को जमकर घेरा।
जल जीवन मिशन में व्याप्त भ्रष्टाचार, यूरिया खाद की कालाबाजारी के साथ ही खुले बाजार में महंगे दामों पर बिक रहे खाद का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने कहा कि यह सरकार अब किसी एक दो वर्ग नहीं सभी वर्गों के लिए घातक साबित हो रही। आयोजित धरना प्रदर्शन के उपरांत मुख्य मार्गों से रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम हर्रई तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जिसमें बिजली की समस्या, खाद का संकट, डॉक्टरों की अनुपस्थिति, गांव-गांव में बेची जा रही अवैध शराब का उल्लेख करते हुए तत्काल सुधार की मांग की गई।
उक्त धरना प्रदर्शन को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, संगठन महासचिव गुरूचरण खरे, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह, अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी धीरन शाह इवनाती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामजी उइके, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धरमलाल यादव ने सम्बोधित किया।
आयोजित धरना प्रदर्शन में उमाशंकर साहू, उमेश यादव, नत्थूलाल उइके, सलीम खान, सरिता बरकड़े, धनीराम भलावी, सहित ब्लॉक कांग्रेस, किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, क्षेत्रीय कांग्रेस अध्यक्षगण सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।