Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अंडर-17 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए केंद्रीय विद्यालय की टीम रवाना

अंडर-17 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए केंद्रीय विद्यालय की टीम रवाना
खेल
24-Oct-26
छिन्दवाडा अपडेट

केंद्रीय विद्यालय संगठन की 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिये जबलपुर संभाग की क्रिकेट बालक अंडर-17 टीम केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 छिंदवाड़ा में पिछले 7 दिनों से प्रशिक्षण ले रही थी। खेल शिक्षक केंद्रीय विद्यालय मलाजखंड तेज लाल तिवारी एवं खेल शिक्षक केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 छिंदवाड़ा पंकज शर्मा के मार्गदर्शन में टीम ने अपने कौशल को सर्वश्रेष्ठ स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया।

विद्यालय प्राचार्य हरि प्रसाद धारकर द्वारा खिलाड़ियों को ट्रैकसूट, टी-शर्ट, लोवर, जूते एवं मोजे सहित प्रतियोगिता के लिए विभिन्न अनिवार्य सामग्रियों की किट प्रदान की गई। अपने आशीर्वचन में प्राचार्य श्री धारकर ने कहा कि अनुशासन में रहकर किया गया नियमित प्रयास आपको अपने सर्वश्रेष्ठ तक लेकर जाता है और उसी का परिणाम है कि इन बच्चों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल में प्रतिभागिता केवल जीतने के लिए नहीं की जानी चाहिए, बल्कि केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा प्रदान किए गए अवसर का सर्वश्रेष्ठ उपयोग करने के लिए की जानी चाहिए। इन खिलाड़ियों ने न केवल पिछले 7 दिनों में, बल्कि पिछले 1 वर्ष से अपने-अपने विद्यालय के मैदान में पसीना बहाया है। इसी का परिणाम है कि इन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिला है।

प्राचार्य श्री धारकर ने आशा व्यक्त की कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी और अपने विद्यालय एवं संभाग का नाम रोशन करेगी। यह टीम 24 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय विद्यालय वायु सेवा स्थल पुणे के लिए रवाना हुई। टीम के कप्तान उज्ज्वल तिवारी के साथ मानवेंद्र प्रताप सिंह, आदित्य राज सोनी, दिव्यांश सलाम, अरमान झा, शोरपाय पाटिल, अभिजीत मर्सकोले, दुर्गेश वरकड़े, संस्कार नागवंशी, मैत्रेय बाजपेई, अजीत मिश्रा, निरंकार यादव, वारेंद्र सिंह चौहान और रमन जाटव प्रतियोगिता में प्रतिभागिता कर रहे हैं।

Share News On