Home News Helpline Classified Jobs About Contact

शरद पूर्णिमा रामलीला मंच पर आज होगी विशेष लीला

शरद पूर्णिमा रामलीला मंच पर आज होगी विशेष लीला
धर्म
24-Oct-26
अयोध्या लौटे श्रीराम के साथ उजागर होंगे रामकथा के कई अनछुए पहलू

छिंदवाड़ा अपडेट

श्री रामलीला मंडल, छोटी बाजार, छिंदवाड़ाश् के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मंच पर इस वर्ष शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक भव्य एवं विशेष नाट्य मंचन का आयोजन किया जा रहा है। दशहरे के उपरांत प्रतिवर्षानुसार आयोजित होने वाले इस विशेष एक दिवसीय कार्यक्रम को लेकर शहर के कलाप्रेमियों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

श्रीरामलीला मंडल के अध्यक्ष अरविन्द राजपूत ने बताया कि इस वर्ष शरद पूर्णिमा के अवसर पर प्रस्तुत होने वाले इस विशेष मंचन के माध्यम से दर्शकों के सामने रामकथा के कुछ ऐसे प्रसंग और अनछुए पहलू लाए जाएंगे, जो मन में उठने वाले कई प्रश्नों के उत्तर देंगे। इस विशेष प्रस्तुति में मुख्य रूप से यह दर्शाया जाएगा कि माता जानकी को किन परिस्थितियों में अग्नि परीक्षा से गुजरना पड़ा, प्रभु श्री राम के अयोध्या लौटने की प्रतीक्षा में भरत जी की व्याकुलता कैसी थी, माता कैकेयी और मंथरा से प्रभु श्री राम का क्या संवाद हुआ, तथा भगवान श्रीराम के भव्य राज्याभिषेक के समय क्या-क्या प्रसंग घटे।

रामकथा के इन भावपूर्ण, प्रेरणादायी और वैचारिक पहलुओं को निकट से देखने तथा अनुभव करने के लिए मंडल परिवार की ओर से समस्त धर्मप्रेमी जनता को सादर आमंत्रित किया गया है।इस मंचन का निर्देशन मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद राजपूत द्वारा किया गया है जबकि पटकथा का लेखन श्री शशांक दुबे द्वारा किया गया है। मंचन दिनांक 25 अक्टूबर रविवार को समय रात्रि 8.30 बजे से श्री रामलीला मंच में किया गया जाएगा। मंडल के संरक्षकों ने सभी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर प्रभु श्री राम की मर्यादा, त्याग, प्रेम और आदर्शों को आत्मसात करने और इस पावन सांस्कृतिक संध्या का हिस्सा बनने की अपील की है।
Share News On