15 दिन पानी दे रहे और 30 दिन का पैसा ले रहे
राजनीति
24-Oct-26
नगर निगम की जल-व्यवस्था बेपटरी, जनता को ठगना बंद करो- सुरेश कपाले

छिन्दवाड़ा अपडेट
नगर निगम छिंदवाड़ा में पेयजल के नाम पर खुली लूट मची है। जनता को 15 दिन पानी देकर 30 दिन का पूरा बिल थमाया जा रहा है। टैंकरों के भरोसे घर चल रहे हैं, लोग बूंद-बूंद को तरस रहे हैं और निगम प्रशासन राजस्व वसूली में मस्त है। इस जनविरोधी कृत्य पर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश कपाले ने निगम सरकार को आड़े हाथों लिया है।
सुरेश कपाले ने कहा कि यह कैसा न्याय है? आपूर्ति आधी और वसूली पूरी? निगम ने जलकर तो बेतहाशा बढ़ा दिया लेकिन नलों में पानी बढ़ाने की जहमत नहीं उठाई। टैक्स बढ़ाना आता है तो पानी देना क्यों नहीं आता? उन्होंने कहा, “नगर निगम केवल बिल वसूलने की मशीन बन गया है। सुविधा के नाम पर शून्य और वसूली के नाम पर हीरो। जनता सब देख रही है, अब यह मनमानी और लूट नहीं चलेगी। पेयजल जनता का अधिकार है, कोई भीख नहीं।” चेतावनी देते हुए कहा कि या तो 30 दिन नियमित पानी दो, या फिर 15 दिन का बिल लो। लूट का बिल थोपना बंद करो, बिलों में तत्काल राहत और समायोजन करो। हर वार्ड की जल-सारणी सार्वजनिक करो, जनता को अंधेरे में रखना बंद करो। कपाले ने कहा कि यदि निगम ने शीघ्र सुधार नहीं किया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन छेड़ेगा।