Home News Helpline Classified Jobs About Contact

टेबल टेनिस प्रतियोगता में इंदौर विजेता तो छिन्दवाड़ा उपविजेता बना

 टेबल टेनिस प्रतियोगता में इंदौर विजेता तो छिन्दवाड़ा उपविजेता बना
खेल
24-Oct-26
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का ओलंपिक स्टेडियम में समापन

छिन्दवाड़ा अपडेट

उच्च शिक्षा विभाग के संयोजन में आयोजित राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष टेबल टेनिस प्रतियोगिता का समापन ओलंपिक स्टेडियम हॉल में हुआ। प्रतियोगिता के महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में इंदौर संभाग ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि छिन्दवाड़ा की टीम उपविजेता रही। सेमीफाइनल मुकाबलों में छिन्दवाड़ा ने जबलपुर को तथा इंदौर ने शहडोल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में इंदौर और छिन्दवाड़ा के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें इंदौर ने छिन्दवाड़ा को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि छिन्दवाड़ा में खेलों के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य का निर्माण हो रहा है। शैक्षणिक एवं क्रीड़ा गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। एडीएम धीरेन्द्र सिंह ने राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय को राज्य स्तरीय वृहद आयोजन के सफल संचालन के लिए बधाई दी।

12 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

प्रतियोगिता के संगठन सचिव डॉ. अजय सिंह ठाकुर ने बताया कि स्पर्धा में प्रदेश के विभिन्न जिलों की 12 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए तथा छिन्दवाड़ा टीम का प्रदर्शन उत्साहवर्धक रहा। इस अवसर पर क्रीड़ा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए डॉ. जीएसआर नायडू, रवि विराह एवं शरद स्टीफन को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी, क्रीड़ा अधिकारी, टीम मैनेजर एवं कोच उपस्थित थे।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि संतोष पटेल, दिनेशकांत मालवीय, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष रिजवान कुरैषी, ओबीसी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष बालाघाट प्रभारी जगेन्द्र अल्डक, चंद्रकुमार चंदु जैन भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे। आयोजन में प्रभारी प्राचार्य डॉ. नीलिमा बागड़े, महाविद्यालय की क्रीड़ा परिषद के प्रो. पंकज पाठक, डॉ. दिनेश चौधरी, डॉ. जे.एल. हनोते, डॉ. विजय कलमधार, डॉ. राजीव सिंह सहित विभिन्न समितियों के सदस्यों एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का सक्रिय सहयोग रहा।

Share News On