पॉवर प्लांट को लेकर झूठ बोल रहे कमलनाथ: बंटी विवेक साहू
छिंदवाड़ा
28-Apr-26
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संकल्प एवं सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से बनेगा पॉवर प्लांट
छिंदवाड़ा
अदानी अंबानी को दिन रात पानी पी पी कर दिन रात कोसने वाले कांग्रेसी और कमलनाथ उन्हीं के नाम का सहारा लेकर झूठा श्रेय लेने की घटिया राजनीति पर उतारू हैं। कांग्रेस की डूबती नाव पर सवार कांग्रेस और शेख कमलनाथ झूठ की डगर के सहारे राजनीति की वैतरणी पार करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने कही है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि उन्होने लोकसभा चुनाव जीतने के तत्काल बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्र सरकार के मंत्रियों से लगातार मुलाकात कर छिंदवाड़ा के विकास के लिए प्रयास प्रारंभ कर दिये थे। छिंदवाड़ा विकासखंड के चौसरा में सालों से अधिग्रहित की गई भूमि में पावर प्लांट स्थापित हो इसके लिए 23 नवंबर 2024 को अडानी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अडानी को पत्र लिखकर आवश्यक मांग की थी।
विदित हो कि पावर प्लांट निर्माण शुरू करने को लेकर वे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिले। वही मुख्यमंत्री मोहन यादव और उच्च अधिकारियों से भी मुलाकात कर पावर प्लांट निर्माण कराने के लिए आग्रह करते रहे। साथ ही लगातार पत्राचार का क्रम अडानी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अडानी से चलता रहा। सांसद श्री बंटी विवेक साहू ने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल प्रयासों के चलते अब छिंदवाड़ा की चौसरा में न्यूक्लियर पावर प्लांट बनने जा रहा है। सांसद बंटी विवेक साहू का कहना है कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार की देन रहेगा छिंदवाड़ा के चौसरा का न्यूक्लियर पावर प्लांट।
झूठ बोलना सबसे अच्छा आता है कमलनाथ को
सांसद बंटी विवेक साहू का कहना है कि कमलनाथ ने 45 वर्षों में जितनी भी घोषणा की उन्हें कभी मूर्त रूप नहीं मिला। छिंदवाड़ा जिले में बरसों बरस पहले चौसरा में थर्मल पावर प्लांट के लिए सैकड़ों एकड़ भूमि किसानों से ली गई, लेकिन कमलनाथ अपने मुख्यमंत्रीत्व काल में इस कार्य को एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा सके थे।
सांसद श्री साहू ने कहा कि कमलनाथ बेशर्मी से झूठ बोलते हैं, इसका उदाहरण है पेंच व्यपवर्तन परियोजना माचागोरा बांध निर्माण कार्य, कमलनाथ ने दो बार झूठ भूमिपूजन किया। सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार नेे 2006 में माचागोरा बांध निर्माण कार्य को स्वीकृति दी, आज लाखों एकड़ भूमि में छिंदवाड़ा तथा सिवनी जिले का किसान सिंचाई कर पंजाब से अच्छी खेती कर रहा है, इतना ही नहीं छिंदवाड़ा शहर को भी पानी उपलब्ध हो रहा है।
इन्वेस्टर सम्मिट और इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव से निकला न्यूक्लियर पावर प्लांट
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछले वित्तीय वर्ष को औद्योगिक वर्ष माना था, जिसमें उन्होंने इन्वेस्टर सम्मिट तथा इंडस्ट्रियल कांक्लेव किए थे। देश और दुनिया के जाने-माने उद्योगपति अदानी ग्रुप के अध्यक्ष श्री गौतम अडानी ने भी भाग लिया था। जिसमें उन्होंने छिंदवाड़ा में उद्योग स्थापित करने हेतु इन्वेस्टमेंट करने की बात कही थी। जिसका ही परिणाम है कि छिंदवाड़ा में न्यूक्लियर पावर प्लांट आने की संभावना बनी है।
अडानी ग्रुप को 16 साल पहले दी जमीन
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि छिंदवाड़ा के चौसरा गांव में करीब 16 साल पहले अडानी ग्रुप को थर्मल पॉवर प्लांट बनाने के लिए सरकार ने 750 एकड़ जमीन ट्रांसफर की थी। इसका नाम पेचथर्मल एनर्जी रखा गया था, कंपनी ने अपना ऑफिस भी बनाया, जमीन कवर्ड की, लेकिन प्लांट का काम शुरू नहीं हो पाया। अब इसी जमीन पर थर्मल पॉवर प्लांट की जगह न्यूक्लियर थर्मल पॉवर प्लांट प्रस्तावित किया गया है। छिंदवाड़ा में न्यूक्लियर पॉवर प्लांट का प्रस्ताव मंत्री परिषद में रखा गया है। सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि न्यूक्लियर पॉवर प्लांट प्लान बनने से स्थानीय युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार मिलेगा। क्षेत्र में उद्योग एवं व्यापार को नई गति मिलेगी। आधारभूत जरूरतें सड़क, बिजली और जल व्यवस्था मजबूत होगी। शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार होगा। सालों से बंजर पड़ी भूमि का सही उपयोग होगा।